राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर राजनीतिक दलों के प्रस्तावित धरने को देखते हुए नमो भारत के यात्रियों के लिए एक यात्रा परामर्श जारी किया है। सुरक्षा और सुगम संचालन व्यवस्था के तहत दिल्ली स्थित सराय काले खां तथा न्यू अशोक नगर स्टेशनों को 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
एनसीआरटीसी के अनुसार, इस निर्धारित समय-सीमा के दौरान इन दोनों स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशनों पर यात्रियों के ट्रेन में चढ़ने और उतरने (बोर्डिंग व डी-बोर्डिंग) की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में दी जाने वाली तमाम यात्री सेवाएं भी इस अवधि में स्थगित रहेंगी।
निगम ने यह स्पष्ट किया है कि स्टेशनों के बंद रहने के बावजूद नमो भारत ट्रेन का परिचालन पूरी तरह बाधित नहीं होगा। आनंद विहार (दिल्ली) से मोदीपुरम (उत्तर प्रदेश) के बीच चलने वाली नमो भारत ट्रेन सेवाएं अपनी पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुरूप सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी। केवल सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव या यात्री आवागमन नहीं होगा।
इस व्यवस्था से विशेष रूप से उन दैनिक यात्रियों के प्रभावित होने की संभावना है, जो दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के विभिन्न हिस्सों के बीच नियमित सफर करते हैं। जिन यात्रियों ने इन दोनों स्टेशनों से अपनी यात्रा शुरू करने या समाप्त करने की योजना बनाई है, उन्हें अपने यात्रा कार्यक्रम और रूट में बदलाव करने की आवश्यकता होगी।
निगम ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा की योजना पहले से तैयार करें। 10 अक्टूबर को दिल्ली की ओर आने-जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और आवश्यकता पड़ने पर अन्य स्टेशनों या वैकल्पिक सार्वजनिक परिवहन माध्यमों का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया गया है।
गौरतलब है कि विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों द्वारा 10 अक्टूबर को वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तथा कथित वोट चोरी के विरोध में जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। इसी के दृष्टिगत एहतियात बरतते हुए एनसीआरटीसी ने यह कदम उठाया है।