अपनी परिचालन तैनाती के हिस्से के रूप में भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस त्रिशूल मिस्र के सफागा नौसैनिक अड्डे की यात्रा पूरी कर अगले पड़ाव के लिए रवाना हो गया है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा भारत और मिस्र के बीच बढ़ते रक्षा तथा समुद्री सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है, जिससे क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को बल मिला है।
द्विपक्षीय रक्षा संबंधों की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए मंत्रालय ने कहा कि 2023 में दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिलने से आपसी सहयोग का दायरा काफी व्यापक हुआ है। विशेष रूप से अप्रैल 2026 में काहिरा में आयोजित भारत-मिस्र संयुक्त रक्षा समिति (जेडीसी) की 11वीं बैठक ने रक्षा संबंधों को नई ऊर्जा दी है। इस बैठक ने सितंबर 2022 में हुए रक्षा सहयोग समझौते के तहत तय की गई प्रतिबद्धताओं को लागू करने के लिए एक मजबूत संस्थागत ढांचा उपलब्ध कराया है।
सफागा प्रवास के दौरान आईएनएस त्रिशूल के कमांडिंग ऑफिसर ने मिस्र के रेड सी नेवल बेस के कमांडर रियर एडमिरल एमडी अब्द एल मकसूद से भेंट की। दोनों अधिकारियों के बीच हुई बातचीत में लाल सागर के रणनीतिक महत्व और स्वेज की खाड़ी क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा बनाए रखने जैसे अहम विषयों पर चर्चा केंद्रित रही।
दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालन स्तर पर तालमेल बढ़ाने के लिए कई पेशेवर कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसके तहत आईएनएस त्रिशूल के चालक दल ने मिस्री नौसेना के युद्धपोत ईएनएस पोर्ट सईद (976) का दौरा कर उसकी परिचालन क्षमताओं और कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। साथ ही, दोनों पक्षों के अधिकारियों व जवानों ने आपसी बैठकों, अनुभवों के आदान-प्रदान और संयुक्त गोताखोरी (डाइविंग) प्रशिक्षण में हिस्सा लेकर एक-दूसरे की बेहतर कार्यप्रणालियों को समझा।
मिस्र पहुंचने से एक सप्ताह पहले आईएनएस त्रिशूल ने भूमध्य सागर की अपनी तैनाती के दौरान ग्रीस के सौडा-बे की यात्रा भी सफलतापूर्वक पूरी की थी। इस दौरान युद्धपोत के कमांडिंग ऑफिसर ने हेलेनिक नौसेना के उच्च अधिकारियों के साथ-साथ नाटो मैरीटाइम इंटरडिक्शन ऑपरेशनल ट्रेनिंग सेंटर (एनएमआईओटीसी) और अमेरिकी नेवल सपोर्ट एक्टिविटी (एनएसए), सौडा-बे के प्रमुखों से मुलाकात की। इन बैठकों में मित्र नौसेनाओं के बीच परिचालन सहायता, लॉजिस्टिक्स सहयोग और साझा हितों के क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर विचार किया गया।
भारतीय नौसेना के अनुसार, ग्रीस दौरे पर दोनों देशों के नौसैनिकों के बीच पेशेवर संवाद, परिचालन विमर्श और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के कार्यक्रम हुए। इस अवसर पर हेलेनिक नौसेना के अधिकारियों ने भी आईएनएस त्रिशूल पर आकर जहाज की कार्यप्रणाली और क्षमताओं का जायजा लिया। इन संयुक्त गतिविधियों से दोनों देशों के जवानों के बीच आपसी समझ विकसित हुई है, जो आने वाले समय में भारत-ग्रीस समुद्री संबंधों को और मजबूत करेगी।