बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस: राष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष ने किया नमन

बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस: राष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष ने किया नमन

रविवार को 15 नवंबर के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने आदिवासी जननायक बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा झारखंड स्थापना दिवस की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए इसके निरंतर विकास की कामना की।

15 नवंबर का दिन भारतीय इतिहास में दोहरे महत्व का है। एक ओर जहां आज ही के दिन आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा का जन्म हुआ था, जिसे ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाता है, वहीं दूसरी ओर वर्ष 2000 में ‘बिहार पुनर्गठन अधिनियम’ के माध्यम से दक्षिणी बिहार के हिस्से को अलग कर भारत के 28वें राज्य झारखंड की स्थापना हुई थी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ‘एक्स’ पर देशवासियों को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की बधाई देते हुए लिखा कि यह अवसर राष्ट्र के प्रति जनजातीय समुदायों के ऐतिहासिक योगदान और उनकी समृद्ध विरासत को स्मरण करने का है। उन्होंने सभी से अपनी इस अमूल्य धरोहर को सुरक्षित रखते हुए समावेशी विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। झारखंड स्थापना दिवस के संदेश में राष्ट्रपति ने बिरसा मुंडा और सिद्धो-कान्हू जैसे नायकों को याद करते हुए कहा कि यह राज्य अपनी खनिज संपदा, प्राकृतिक सौंदर्य और लोक-परंपराओं के लिए विशिष्ट है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य के परिश्रमी निवासी इसे समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

दूसरी ओर, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें स्मरण करते हुए कहा कि अल्पायु में ही उन्होंने अपनी दूरदर्शिता और अदम्य साहस से जनजातीय समाज को संगठित किया। बिड़ला ने उल्लेख किया कि बिरसा मुंडा का ‘उलगुलान’ आंदोलन अंग्रेजी हुकूमत के शोषण के विरुद्ध जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा का प्रतीक बना। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों और शोषण के खिलाफ जागरूकता फैलाकर आत्मसम्मान और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया।

झारखंडवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ओम बिड़ला ने कहा कि राज्य की असली ताकत इसकी प्राकृतिक संपदा के साथ-साथ यहां की सांस्कृतिक चेतना और मेहनती समाज में बसती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में झारखंड स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और जनकल्याण के क्षेत्रों में तेजी से प्रगति करेगा और अपनी गौरवशाली विरासत को बचाए रखते हुए खुशहाली के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *