प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 20 नवंबर को नई दिल्ली स्थित पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद फोरम का शुभारंभ करेंगे। शाम लगभग 5:30 बजे होने वाले इस उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे। 20 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन में एससीओ के सदस्य देशों के शिक्षाविद, विद्वान, विषय विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इस आयोजन के जरिए क्षेत्र की साझा ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, सांस्कृतिक परंपराओं और सभ्यतागत विरासत पर विस्तार से मंथन किया जाएगा, जिसका मुख्य लक्ष्य आपसी संवाद, सहयोग और लोगों के बीच संपर्क को सुदृढ़ करना है।
इस पहले सभ्यतागत संवाद फोरम की नींव प्रधानमंत्री मोदी द्वारा वर्ष 2025 में चीन के तियानजिन में हुए एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान रखे गए प्रस्ताव पर आधारित है। उस समय उन्होंने एससीओ ढांचे के अंतर्गत सभ्यतागत संवाद के लिए एक अलग मंच बनाने का सुझाव दिया था, जिसे बाद में एससीओ की बिश्केक घोषणा में भी सराहा गया। इस पहल का मकसद सदस्य राष्ट्रों के संबंधों को केवल राजनीति और अर्थव्यवस्था तक सीमित न रखकर उनके ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को भी नई दिशा देना है।
उद्घाटन समारोह के दौरान ‘सभ्यताओं का संवाद – सांस्कृतिक प्रस्तुति’ नाम से एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया जाएगा। भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम – विश्व एक परिवार है’ की अवधारणा पर आधारित इस प्रस्तुति में नृत्य, संगीत, वर्णन और दृश्य कथावाचन के माध्यम से भारत और यूरेशिया के प्राचीन सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाया जाएगा। इसके माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि भाषाओं और परंपराओं की विविधता के बावजूद मानवीय मूल्य आपस में जुड़े हुए हैं।
सम्मेलन के दौरान भारत की समृद्ध साहित्यिक, कलात्मक और पुरातात्विक विरासत को दिखाने के लिए ‘अस्तित्व – हमारे अस्तित्व का सार’ शीर्षक से विशेष प्रदर्शनियां लगाई जा रही हैं। इनमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्यों के आधार पर दिल्ली के ऐतिहासिक विकास को प्रस्तुत किया जाएगा। प्रदर्शनी का एक खास आकर्षण ‘महाभारत स्क्रॉल मंडप – अनंत: 18वीं शताब्दी की एक दुर्लभ महाभारत पांडुलिपि’ होगा, जहां चित्रों से सजी हस्तलिखित पट्टिका के माध्यम से विदेशी प्रतिनिधियों को भारत की प्राचीन महाकाव्य और कला परंपरा से परिचित कराया जाएगा।
फोरम के दूसरे और तीसरे दिन यानी 21 और 22 नवंबर को चार विशेष विषयगत सत्रों का आयोजन होगा। पहले सत्र में खान-पान, वस्त्र, संगीत, प्रदर्शन कलाओं और पारंपरिक खेलों पर चर्चा होगी, जबकि दूसरा सत्र कला और वास्तुकला की साझा विरासत पर केंद्रित रहेगा। तीसरे सत्र में भाषाओं, लिपियों, पांडुलिपियों और साहित्य के जरिए हुए ऐतिहासिक आदान-प्रदान पर विचार होगा और चौथा सत्र दार्शनिक परंपराओं व मठवासी मार्गों पर केंद्रित होगा। रेशम मार्ग जैसे प्राचीन व्यापारिक रास्तों के जरिए भारत और मध्य एशिया सहित यूरेशिया के बीच रहे लंबे सांस्कृतिक व ज्ञान-विज्ञान के संपर्क को आगे बढ़ाते हुए यह मंच क्षेत्रीय सहयोग को नई मजबूती प्रदान करेगा।