एफएसएसएआई ने पांच न्यूट्रास्यूटिकल कंपनियों के लाइसेंस किए निलंबित, निरीक्षण में मिलीं गंभीर अनियमितताएं

एफएसएसएआई ने पांच न्यूट्रास्यूटिकल कंपनियों के लाइसेंस किए निलंबित, निरीक्षण में मिलीं गंभीर अनियमितताएं

खाद्य सुरक्षा और नियामकीय मानकों के गंभीर उल्लंघन के आरोप में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने पांच हेल्थ प्रोडक्ट और न्यूट्रास्यूटिकल कंपनियों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। जिन कंपनियों पर यह कार्रवाई हुई है, उनमें वेदांत रेमेडीज, ल्यूसिड हेल्थकेयर, एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर, विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स और एडोरियल हेल्थकेयर के नाम शामिल हैं।

एफएसएसएआई की जांच टीम को वेदांत रेमेडीज के परिसर में स्वच्छता और कीट नियंत्रण की स्थिति बेहद खराब मिली। यहां एक्सपायर्ड फ्लेवरिंग पदार्थों के उपयोग के अलावा आयुष और एफएसएसएआई लाइसेंस वाली सामग्री को अलग रखने की उचित व्यवस्था नहीं थी, जिससे उत्पादों के दूषित होने (क्रॉस-कंटैमिनेशन) की आशंका बनी हुई थी। कंपनी द्वारा बिना वैध खाद्य लाइसेंस के कुछ उत्पादों का निर्माण भी किया जा रहा था। मानकों की कसौटी पर कंपनी का अनुपालन स्कोर केवल 12 प्रतिशत रहा।

इसी तरह ल्यूसिड हेल्थकेयर में खराब स्वच्छता, कमजोर कीट नियंत्रण व्यवस्था और आयुर्वेदिक तथा न्यूट्रास्यूटिकल निर्माण कार्यों के बीच पर्याप्त अलगाव की कमी पाई गई। यहां कार्यरत खाद्य कर्मचारियों के पास अनिवार्य स्वच्छता प्रशिक्षण भी नहीं था, जिसके चलते इकाई को 27 प्रतिशत अनुपालन स्कोर प्राप्त हुआ। वहीं, एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर का संचालन अस्वच्छ परिसर से होता मिला, जहां एक्सपायर्ड सामग्री रखी गई थी और खाद्य सुरक्षा तथा परीक्षण से संबंधित अनिवार्य दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। इसका अनुपालन स्कोर 46 प्रतिशत दर्ज हुआ।

जांच में विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स और एडोरियल हेल्थकेयर के लाइसेंस रिकॉर्ड में भी गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं। इन दोनों कंपनियों के लाइसेंस में दर्ज परिसरों पर कोई वास्तविक कामकाज नहीं हो रहा था। एफएसएसएआई के अनुसार, विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स कथित रूप से ऐसे गैर-पंजीकृत स्थान से चल रही थी जो लाइसेंस में दर्ज नहीं था, जबकि एडोरियल हेल्थकेयर के पंजीकृत पते पर निर्माण कार्य चल रहा था और वहां मौजूद लोगों ने कंपनी से जुड़े होने से साफ इनकार कर दिया।

प्राधिकरण का कहना है कि ये निष्कर्ष नियमों की गंभीर अनदेखी और लाइसेंस संबंधी विवरण में भ्रामक जानकारी देने का संकेत हैं। नियामक के अनुसार, तेजी से बढ़ते न्यूट्रास्यूटिकल और हेल्थ सप्लीमेंट बाजार में गुणवत्ता, स्वच्छता और उपभोक्ता सुरक्षा बनाए रखने के निरंतर प्रयासों के तहत इन कंपनियों के लाइसेंस निलंबित करने का निर्णय लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *