प्रकाश पर्व पर दिल्ली के लोक निवास पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, कहा- गुरुओं के आदर्श विकसित भारत की प्रेरणा

प्रकाश पर्व पर दिल्ली के लोक निवास पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, कहा- गुरुओं के आदर्श विकसित भारत की प्रेरणा

नई दिल्ली। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार को दिल्ली के लोक निवास में एक विशेष शबद कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरकत की। प्रधानमंत्री ने शबद कीर्तन और गुरुवाणी का श्रवण किया तथा गुरु नानक देव के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए देश के नागरिकों को पर्व की बधाई दी।

समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गुरु नानक जी के चरणों में नमन करते हुए वे सभी देशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हैं, साथ ही शबद कीर्तन में शामिल होने का अवसर प्रदान करने के लिए उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। उन्होंने सिख परंपरा के त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश और संस्कृति की रक्षा के लिए सब कुछ समर्पित करने की यह विरासत आजादी की लड़ाई में भी अडिग रही। उन्होंने जोर दिया कि आज देश जब विकसित भारत के संकल्प की ओर अग्रसर है, तब गुरुओं की शिक्षाएं ही इस यात्रा को सफल बनाने की मुख्य प्रेरणा और शक्ति हैं।

युवाओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने नशाखोरी की समस्या को समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि किसी एक युवा के नशे की लत में फंसने से पूरे परिवार की उम्मीदें टूट जाती हैं। प्रधानमंत्री ने युवाओं से आग्रह किया कि वे नशे से दूरी बनाए रखें ताकि वे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकें, जीवन में आगे बढ़ें और अपने परिवार तथा राष्ट्र का नाम रोशन करें। उन्होंने युवाओं को इस बुराई से बचाने में परिवारों के सहयोग को निर्णायक बताया।

इस विशेष आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सम्मानित भी किया गया। उल्लेखनीय है कि दिल्ली के उपराज्यपाल आवास (लोक निवास) में आयोजित इस प्रकार के समारोह में किसी प्रधानमंत्री की यह पहली भागीदारी थी। कार्यक्रम में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल समेत अनेक विशिष्ट अतिथि मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने संगत की ओर से प्रधानमंत्री का हार्दिक धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर पीएम मोदी का यहां आना दिल्लीवासियों और खासकर सिख संगत के लिए गर्व की बात है, क्योंकि इससे पहले कभी किसी प्रधानमंत्री ने दिल्ली के लोक निवास में आयोजित ऐसे कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *