ग्रिड फेल होने के कारण मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और पनवेल समेत कई इलाकों में लाइट नहीं, 2 घंटे बंद रहने के बाद लोकल ट्रेनें शुरू

ग्रिड फेल हो जाने के कारण पूरे मुंबई रीजन यानी मुंबई, ठाणे, मुंबई, नवी मुंबई और पनवेल समेत कई इलाकों में लाइट गुल हो गई है। इसकी वजह टाटा की बिजली सप्लाई न होना है। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) के प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि ग्रिड की खराबी के कारण शहर में बिजली की आपूर्ति बाधित है। 2 घंटे बंद रहने के बाद लोकल ट्रेन सर्विस शुरू हो गई है। अमिताभ बच्चन ने इस परेशानी में धैर्य रखने को कहा है।

टाटा पावर ने ट्वीट किया- सोमवार सुबह 10.10 बजे कलवा (खारघर) स्थित एमएसईटीसीएल में खराबी आई। इसके चलते मुंबई समेत कई इलाकों में ट्रांसमिशन बाधित हुआ। सुधार कार्य जारी है। तीन हाइड्रो यूनिट्स से सप्लाई लाई जा रही है।

अपडेट्स…

  • कई इलाकों में सप्लाई भी शुरू हो गई है। हाईकोर्ट में भी वीडियो कॉफ्रेंसिंग से सुनवाई शुरू हो गई है। ग्रिड ठीक करने का काम तेजी से किया जा रहा है।
  • बिजली चली जाने के कारण मुंबई के कॉलेजों में सोमवार को होने वाली अंतिम वर्ष की ऑनलाइन परीक्षा स्थगित कर दी गई है।
  • मुंबई के अस्पतालों में भी लाइट जाने के कारण व्यवस्थाएं चरमरा गईं। शहर के 6 कोविड अस्पताल में जेनरेटर से काम शुरू किया गया है।
  • नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी एनएसई ने एक ट्वीट में कहा कि वहां सामान्य रूप से काम हो रहा है।
  • सीएम उद्धव ठाकरे ने राज्य के बिजली मंत्री नितिन राउत और बीएमसी कमिश्नर से मुंबई में ग्रिड फेल होने पर बात की और जल्द से जल्द ठीक करने के निर्देश दिए।

जानकारी के मुताबिक, 400 केवी की लाइन में खराबी आई है। इसकी वजह से एमआईडीसी, पालघर, दहानू इलाके में बिजली की आपूर्ति पूरी तरह से प्रभावित हुई है।

सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सीपीआरओ ने कहा कि ग्रिड बंद होने के कारण उपनगरीय ट्रेन सेवाएं भी बाधित हुई हैं। चर्चगेट और वसई के बीच पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेनों की सेवाएं भी प्रभावित हुईं हैं।

इस बीच, ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने कहा है कि मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बहाल करने का काम किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *