रूस में 24 घंटे में नए संक्रमित मिलने का रिकॉर्ड टूटा; WHO ने यूरोप में तीसरी लहर की चेतावनी दी

रूस में कोरोना की रफ्तार बेलगाम होती नजर आ रही है। सोमवार को यहां 24 घंटों में रिकॉर्ड 25 हजार 173 केस मिले। अब रूस में कोरोना केसों का आंकड़ा 21 लाख 14 हजार से ऊपर पहुंच गया है। फेडरल रिस्पॉन्स सेंटर ने सोमवार को यह जानकारी दी। इससे पहले रूस में 21 नवंबर को सबसे ज्यादा 24 हजार 822 केस मिले थे।

इधर, WHO ने यूरोप में 2021 की शुरुआत में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका जताई है। WHO के विशेष अधिकारी डेविड नबारो ने कहा कि गर्मियों के दौरान यूरोपीय देशों की सरकारों ने जरूरी इंतजाम नहीं किए। कोविड की पहली लहर पर काबू पाने के बाद ही इस पर काम किया जाना था।

दुनिया में 5.89 करोड़ लोगों को हुआ कोरोना

दुनियाभर में अब तक 5.89 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 4.07 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13.93 लाख लोगों की जान जा चुकी है। अब 1.68 करोड़ मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है। इन्हें एक्टिव केस कहा जाता है

ईरान में हालात बेकाबू
ईरान में रविवार को 13 हजार से ज्यादा मामले सामने आए। इससे भी ज्यादा परेशानी की बात यह है कि इसी दौरान 475 लोगों की मौत हो गई। हेल्थ मिनिस्ट्री ने एक बयान में इन आंकड़ों की पुष्टि की है। सरकार का कहना है कि उसने अपनी तरफ से सख्त उपाय किए हैं, लेकिन लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

दूसरी तरफ, ईरान सरकार कुछ देशों से वैक्सीन हासिल करने के लिए संपर्क कर रही है। पिछले दिनों खबर आई थी कि ईरान सरकार के अफसरों ने चीन का दौरा किया था और वहां से वैक्सीन खरीदने पर बातचीत की थी। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

तेहरान के एक अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर। यहां मरीजों की बढ़ती तादाद को देखते हुए कई शहरों में मेकशिफ्ट अस्पताल तैयार किए जा रहे हैं। -फाइल फोटो।

मैक्सिको: एक दिन में 719 ने दम तोड़ा
लैटिन अमेरिकी देश मैक्सिको में मरने वालों का आंकड़ा एक लाख हो गया है। शनिवार को देश में कुल 719 संक्रमितों ने दम तोड़ा। देश में फिलहाल करीब एक लाख 26 हजार संक्रमित हैं। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, संक्रमितों की वास्तविक संख्या इससे काफी ज्यादा हो सकती है, क्योंकि दूर दराज के कई इलाकों में अब भी टेस्टिंग और दूसरी सुविधाएं नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *