बंगाली एक्ट्रेस और TMC सांसद नुसरत जहां मां बन गई हैं। उन्हें डिलिवरी के लिए 25 अगस्त को कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराने की खबरें आई थीं। अब मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो नुसरत ने 26 अगस्त को बेटे को जन्म दिया है। मां और बेटा दोनों स्वस्थ हैं। डिलिवरी के दौरान नुसरत का ख्याल रखने के लिए बंगाली एक्टर यश दासगुप्ता उनके साथ मौजूद रहे।
डिलिवरी की खबरों के बीच नुसरत ने सोशल मीडिया पर 26 अगस्त को अपनी एक तस्वीर शेयर की जिसमें वह बिन मेकअप दिखाई दे रही हैं। इस फोटो के साथ नुसरत ने लिखा, डर से ज्यादा विश्वास है। इस कैप्शन के साथ नुसरत ने पॉजिटिविटी और मॉर्निंग वाइब्स जैसे हैशटैग यूज किए।
पति से हो चुका विवाद
नुसरत कुछ समय पहले पति निखिल जैन के साथ विवादों के चलते सुर्खियों में आई थीं। निखिल और नुसरत पिछले साल नवंबर से अलग रह रहे हैं। दोनों के रिश्ते पर लगातार सवाल उठ रहे थे जिसके बाद नुसरत ने मीडिया के सामने आते हुए निखिल के साथ अपनी शादी को अमान्य करार दे दिया था और उनपर अपने पैसों के गलत इस्तेमाल और धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे।वहीं, निखिल ने आरोपों पर कहा था कि शादी के बाद से ही नुसरत के व्यवहार में बदलाव आ गया था। नुसरत ने उनसे काफी पैसे उधार लिए थे। निखिल ने ये भी कहा कि बार-बार शादी रजिस्टर करवाने की बात कहने के बावजूद नुसरत ने उनकी बात नहीं सुनी और आनाकानी करते हुए इसे टालती रहीं।