देश में कोरोना के आंकड़े सोमवार को राहत देने वाले रहे। बीते 24 घंटे में 30,164 नए केस दर्ज किए गए। 42,946 मरीज ठीक हो गए और 290 संक्रमितों की मौत हो गई। इसके साथ ही एक्टिव केस में 13,086 की कमी दर्ज की गई। यह लगातार दूसरा दिन था जब इसमें कमी आई। अभी 3.85 लाख लोगों का इलाज चल रहा है। नए केस की बात करें तो रविवार को बीते 14 दिन में सबसे कम मामले दर्ज किए गए। इससे पहले 23 अगस्त को 24,794 संक्रमितों की पहचान हुई थी।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में…
बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 30,164
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 42,946
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 290
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.30 करोड़
अब तक ठीक हुए: 3.22 करोड़
अब तक कुल मौतें: 4.41 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 3.85 लाख
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण एक बार फिर पैर पसारता नजर आ रहा है। मुंबई में 6 दिनों के अंदर कोरोना के मामलों में 28% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बृहन्मुम्बई महानगरपालिका (BMC) ने डेटा जारी कर यह जानकारी दी है।
अमेरिका में कोरोना संक्रमण का शिकार होने वाले लोगों की तादाद 4 करोड़ के पास हो गई है। वहां संक्रमण से अब तक 6 लाख से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं।
कोरोना से संक्रमित होने वाले मरीजों की इम्युनिटी अलग-अलग रिएक्ट करती हैं। इस पर अमेरिका के वैज्ञानिकों ने रिसर्च की है। 200 कोरोना मरीजों पर की गई रिसर्च नेचर बायोटेक्नोलॉजी पेपर में प्रकाशित हुई है। इसमें बताया गया है कि इन आंकड़ों के जरिए पता लगाया जा सकता है कि संक्रमित होने वाले किस मरीज की मौत होने के चांस ज्यादा हैं।
कर्नाटक शिक्षा मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक कोरोना संक्रमण के बीच वहां 6वीं से 8वीं तक के 35.64% स्टूडेंट्स स्कूल पहुंचे। बता दें कि कर्नाटक में कक्षा 6वीं से 8वीं तक के स्कूल कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए 6 सितंबर से खुल गए हैं।
रूस की फेडरल मेडिकल-बायोलॉजिकल एजेंसी (FMBA) ने एक ऐसा डिवाइस बनाया है, जो 27 मिनट के अंदर संक्रमण का टेस्ट कर रिजल्ट बता देता है।