90 के दशक के पॉपुलर सिंगर कुमार सानू 63 साल के हो चुके हैं। लंबे वक्त से म्यूजिक इंडस्ट्री से दूर कुमार सानू ने 2015 में आई रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘दम लगाके हइशा’ में कुछ गानों को अपनी आवाज दी थी और इसके बाद फिल्म इंडस्ट्री में दोबारा सक्रिय हो गए थे। कुमार सानू के नाम एक दिन में 28 सॉन्ग गाने का रिकॉर्ड गिनीज बुक में दर्ज है।
कुमार सानू ने एक इंटरव्यू में कहा था कि मैं अश्लीलता से जुड़े गाने नहीं गा सकता। उनके मुताबिक, आज के समय के गानों में अश्लीलता की भरमार है। गानों का कोई मतलब नहीं है। चार बोतल वोदका, काम मेरा रोज का…जैसे गाने चल रहे हैं। कुमार सानू के मुताबिक, मैं खुद ऐसे गाने गाकर म्यूजिक इंडस्ट्री को खराब नहीं करना चाहते। आज के समय में चंद प्रोड्यूसर जैसा चाहते हैं, वैसे गाने बनते हैं ना कि दर्शक जैसा चाहते हैं।
कुमार सानू ने दो शादी की हैं। 80 के दशक में उन्होंने रीता भट्टाचार्य से शादी की थी। दोनों एक-दूसरे को कोलकाता से जानते थे। कुमार और रीता की मैरिड लाइफ अच्छी चल रही थी। रीता ने बेटे जान को जन्म दिया। इसी बीच एक्ट्रेस मीनाक्षी शेषाद्रि और कुमार सानू के अफेयर की खबरें रीता तक पहुंचीं और 1994 में दोनों ने तलाक ले लिया। रीता को बेटे की कस्टडी मिली। 1994 में कुमार सानू ने दूसरी शादी सलोनी से की। दूसरी पत्नी सलोनी से सानू की दो बेटियां हैं।कुमार सानू ने करियर की शुरुआत में बांग्लादेशी फिल्म ‘तीन कन्या’ से की थी। वैसे, सानू को हिंदी फिल्मों में लाने का क्रेडिट जगजीत सिंह को जाता है। उन्होंने कुमार सानू को फिल्म ‘आंधियां’ में गाना गाने का ऑफर दिया था। जगजीत सिंह ने उनकी मुलाकात कल्याणजी आनंद से कराई और उन्हीं के कहने के बाद उन्होंने अपना नाम केदारनाथ भट्टाचार्य से कुमार सानू कर लिया था।