क्रूज ड्रग्स पार्टी केस का चौथा दिन:

आर्यन खान से जुड़े ड्रग्स केस में नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने 8 और लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दिल्ली की एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के 4 हाई प्रोफाइल आयोजक शामिल हैं। इसी कंपनी को 2 से 4 अक्टूबर तक क्रूज पर होनी वाली पार्टी को आयोजित करने का जिम्मा सौंपा गया था। इनके अलावा मंगलवार को गिरफ्तार 4 अन्य लोगों में एक आर्यन का दोस्त और एक ड्रग पैडलर भी शामिल है।

NCB ने अभी तक इस मामले में कुल 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। आज आर्यन को क्रूज से गिरफ्तार इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के 4 अन्य लोगों के सामने बैठाकर पूछताछ हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, NCB को आर्यन के फोन से इनका सुराग मिला था।

सबूतों को जमा करने के लिए NCB ने आर्यन के फोन की क्लोनिंग कर उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। NCB के अधिकारियों को वॉट्सऐप चैट्स के जरिए से ड्रग्स को लेकर कई अहम जानकारियां मिली हैं। इनमें कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें भी शामिल हैं। गांधी नगर की देश की सबसे बड़ी फोरेंसिंक लैब में जांच के बाद इस फोन से और भी राज खुलने की उम्मीद है। आर्यन 7 अक्टूबर तक के लिए NCB की कस्टडी में हैं।शाहरुख खान के बेटे आर्यन फिलहाल NCB लॉकअप में हैं। जानकारी के मुताबिक, आर्यन ने जांच एजेंसी से मंगलवार को कुछ साइंस की किताबें मांगी थीं, जिसे अधिकारियों ने मुहैया करवा दिया है। आर्यन के लिए NCB दफ्तर के पास बने नेशनल हिन्दू रेस्टोरेंट से खाना लाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, किसी भी आरोपी को घर से मनपसंद खाना NCB दफ्तर में मंगाने की अनुमति नहीं दी गई है। दोनों समय NCB कस्टडी में सभी आरोपियों को एक साथ ही खाना दिया जाता है।

NCB ने आज सुबह मुंबई के वर्सोवा इलाके से एक और ड्रग पैडलर को पकड़ा है। श्रेयस नायर की निशानदेही पर इसे उठाया गया है। कुछ देर में NCB इसकी गिरफ्तारी की पुष्टि कर सकती है। क्रूज पर रेव पार्टी आयोजित करने वाले इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के गिरफ्तार 4 आरोपियों को किला कोर्ट में आज पेश किया जाएगा। इनकी पेशी 11 बजे के बाद हो सकती है।इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के जिन 4 आयोजकों को गिरफ्तार किया गया है, उनकी पहचान गोपाल जी आनंद, समीर सहगल, मानव सिंघल और भास्कर अरोड़ा के रूप में हुई है। NCB ने इससे पहले गोवा जा रहे क्रूज जहाज से शनिवार को आर्यन खान सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया था। इस केस में मुंबई पुलिस की भी एंट्री हो गई है। मुंबई पुलिस का कहना है कि क्रूज शिप पार्टी के लिए आयोजकों ने उससे परमिशन नहीं ली थी, जो जरूरी है।

ये 12 आरोपी फिलहाल NCB कस्टडी में हैं…

  1. आर्यन खान,
  2. मुनमुन धमेचा
  3. अरबाज मर्चेंट
  4. इसमीत सिंह
  5. मोहक जसवाल
  6. गोमित चोपड़ा
  7. नुपुर सारिका
  8. विक्रांत छोकरी
  9. अब्दुल कादिर शेख
  10. श्रेयस नायर
  11. मनीष राजगरिया
  12. अविन साहू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *