मुकेश अंबानी दुनिया में 11 वें नंबर के अमीर:

मुकेश अंबानी दुनिया में 11 वें नंबर के अमीर:

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी टेस्ला के एलन मस्क और अमेजन के जेफ बेजोस के क्लब में शामिल हो गए हैं। मुकेश अंबानी की संपत्ति 100.6 अरब डॉलर है।

ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स की ओर से जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। मुकेश अंबानी दुनिया में सबसे अमीर बिजनेसमैन की रैंकिंग में 11 वें नंबर पर हैं। इस साल में उनकी संपत्ति में 23.8 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। अंबानी का कारोबार तीन प्रमुख सेक्टर टेलीकॉम, रिटेल और एनर्जी में है। उन्होंने 2020 में 27 अरब डॉलर की रकम जियो टेलीकॉम में हिस्सेदारी बेचकर जुटाई थी।रिलायंस की शुरुआत धीरूभाई अंबानी ने की थी। वे 1960 में यमन में गैस स्टेशन पर अटेंडेंट थे। उन्होंने पॉलिस्टर बिजनेस से रिलायंस की शुरुआत की। हालांकि 2002 में उनके निधन के बाद 2005 में रिलायंस दो हिस्सों में बंट गया। एक हिस्सा मुकेश के पास तो दूसरा अनिल के पास चला गया। मुकेश इस समय 64 साल के हैं जबकि अनिल अंबानी 62 साल के हैं।

मुकेश के पास ऑयल रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल का बिजनेस आया जबकि अनिल के पास पावर, फाइनेंशियल सर्विसेस और टेलीकम्युनिकेशन का बिजनेस आया। हालांकि अनिल की संपत्ति आज की तारीख में जीरो है, जैसा उन्होंने लंदन की कोर्ट में पिछले साल बताया था। उनकी तमाम कंपनियां कर्ज में डूबी हुई हैं। मुंबई में उनके हेडक्वॉर्टर पर इसी साल कर्ज न चुकाने के कारण यस बैंक ने कब्जा कर लिया।

एलन मस्क की संपत्ति इस समय 222.1 अरब डॉलर है जबकि जेफ बेजोस की संपत्ति 190.88 अरब डॉलर है। बिल गेट्स चौथे नंबर पर हैं। उनकी संपत्ति 127.9 अरब डॉलर है। दसवें नंबर पर वारेन बफेट हैं। उनकी संपत्ति 103 अरब डॉलर है। मुकेश अंबानी साल 2008 से फोर्ब्स की लिस्ट में टॉप 100 अमीर भारतीयों में पहले नंबर पर बने हुए हैं। उनकी संपत्ति इस समय 100 अरब डॉलर, यानी 7.5 लाख करोड़ रुपए हो गई है।

उनकी संपत्ति इस हफ्ते की शुरुआत तक 92.7 अरब डॉलर थी। फिर इस हफ्ते में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर्स की कीमतें जबरदस्त बढ़ीं। इससे अंबानी की नेटवर्थ में भी बढ़त आई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर इस हफ्ते में 2,537 रुपए था। शुक्रवार को यह 3.84% की बढ़त के साथ 2,670 रुपए पर बंद हुआ। पिछले एक साल में इस शेयर का ये हाई लेवल है।शेयर की कीमत बढ़ने से पहली बार रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप भी 16.93 लाख करोड़ रुपए हो गया है। हो सकता है कि अगले हफ्ते में यह 17 लाख करोड़ रुपए को टच कर जाए। रिलायंस इंडस्ट्रीज में प्रमोटर्स, यानी मालिकों की हिस्सेदारी 50.59% है। इसमें मुकेश अंबानी के साथ उनकी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ उनकी मां भी हैं। प्रमोटर्स ग्रुप में कुल 48 शेयरधारक हैं। 49.41% हिस्सेदारी जनता के पास है। कुल 676 करोड़ शेयर्स कंपनी के हैं।भारत के टॉप 100 अमीरों में अडाणी ग्रुप के मालिक गौतम अडाणी दूसरे नंबर पर हैं। वे तीन साल से इस स्थान पर हैं। उनकी संपत्ति एक साल में तीन गुना बढ़ी है। पिछले साल उनकी संपत्ति 25.2 अरब डॉलर थी, जो अब 75 अरब डॉलर के करीब है। ऐसा इसलिए क्योंकि उनकी कंपनियों के शेयर्स एक साल में 2 से 6 गुना तक बढ़े हैं।

फोर्ब्स की लिस्ट में तीसरे नंबर पर HCL टेक के शिव नाडार हैं। उनकी संपत्ति में 10.6 अरब डॉलर की बढ़त हुई है। उनकी संपत्ति 31 अरब डॉलर है। डीमार्ट के आर.के दमानी लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं। उनकी नेटवर्थ एक साल में 15.4 अरब डॉलर से बढ़कर 29.4 अरब डॉलर हो गई है। डीमार्ट ने पिछले साल अप्रैल से इस साल मार्च तक 22 नया स्टोर खोला है। सीरम इंस्टीट्यूट के साइरस पूनावाला लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं। उनकी संपत्ति 19 अरब डॉलर है।

फोर्ब्स की लिस्ट में 6 नए अमीर इस साल शामिल हुए हैं। इसमें क्लीन साइंस टेक के अशोक बूब 93 नंबर पर हैं और उनकी संपत्ति 2.3 अरब डॉलर है। इसी साल उनकी कंपनी शेयर बाजार में लिस्ट हुई है। दीपक नाइट्रेट के दीपक मेहता 100वें नंबर पर हैं। डॉ. लाल पैथ लैब के अरविंद लाल 87 नंबर पर हैं, जबकि लोढ़ा ग्रुप के मंगलप्रभात लोढ़ा 4.5 अरब डॉलर के साथ 42 वें नंबर पर हैं। वे भाजपा के मुंबई से विधायक हैं।

फोर्ब्स की लिस्ट में शामिल होने के लिए कम से कम 1.94 अरब डॉलर की संपत्ति की जरूरत होती है। पिछले साल यह 1.31 अरब डॉलर थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *