नए शिखर पर बाजार बंद:

कारोबारी हफ्ते के पहले दिन यानी सोमवार को निफ्टी ने नया इतिहास रच दिया। निफ्टी ने पहली बार 18,000 का लेवल पार किया। सेंसेक्स ने भी 60,476 का रिकॉर्ड स्तर छुआ। आखिरी कारोबारी घंटे में बाजार ने उपरी स्तर से बढ़त गंवा दी। ऊपरी स्तर से सेंसेक्स करीब 350 पॉइंट और निफ्टी करीब 100 पॉइंट टूटा और अंत में सेंसेक्स 76 पॉइंट यानी 0.13% बढ़कर 60,135 पर और निफ्टी 50 पॉइंट यानी 0.28% की तेजी के साथ 17,945 के स्तर पर बंद हुआ। इससे पहले सेंसेक्स 60,099 पर और निफ्टी 17,867 पर खुला था।

सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 20 शेयर्स बढ़त के साथ और 10 शेयर कमजोरी के साथ कारोबार करते दिखे। जिसमें मारुति, पावरग्रिड के शेयर 3% और ITC, NTPC के शेयर 2% से ज्यादा की तेजी के साथ बंद हुए। वहीं TCS के शेयर में 6% से ज्यादा की गिरावट रही।कारोबार के दौरान बाजार को ऑटो, मेटल और रियल्टी शेयर्स का सपोर्ट मिला। NSE पर ऑटो इंडेक्स 2.67%, रियल्टी इंडेक्स 1.73% और मेटल इंडेक्स 1.50% चढ़कर बंद हुआ। वहीं IT शेयर्स पर दबाव देखने को मिला। IT इंडेक्स 3.36% गिरकर बंद हुआ। 9% से ज्यादा चढ़कर टाटा मोटर्स निफ्टी का टॉप गेनर बना।

BSE पर 3,592 शेयर्स में कारोबार हुआ। जिसमें 1,952 शेयर्स बढ़त के साथ और 1,481 शेयर्स लाल निशान में कारोबार करते दिखे। इसी के साथ BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 267 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है।BSE पर कारोबार के दौरान 369 शेयर्स 52 हफ्ते के ऊपरी स्तर पर और 21 शेयर्स 52 हफ्ते के निचले स्तर पर कारोबार करते दिखे। इसके अलावा 516 शेयर्स में अपर सर्किट लगा तो वहीं 192 शेयर्स में लोअर सर्किट लगा। इससे पहले शुक्रवार को सेंसेक्स 381 पॉइंट यानी 0.64% बढ़कर 60,059 पर और निफ्टी 104 पॉइंट यानी 0.59% की तेजी के साथ 17,895 के स्तर पर बंद हुआ था।

असेट मैनेजमेंट कंपनी आदित्य बिड़ला सनलाइफ AMC के शेयर एक्सचेंज पर लिस्ट हो गए हैं। कंपनी के शेयर्स की लिस्टिंग उम्मीद के मुताबिक कमजोर रही। BSE पर इसके शेयर्स की लिस्टिंग जीरो प्रीमियम के साथ 712 रुपए पर ही हुई जो इसका अपर प्राइस बैंड था। जबकि NSE पर शेयर की लिस्टिंग सिर्फ 3% प्रीमियम के साथ 715 रुपए पर हुई है। कंपनी का इश्यू प्राइस 712 रुपए था। इश्यू 29 सितंबर को खुला था और एक अक्टूबर को बंद हुआ था।

ब्रेंट क्रूड का भाव 83 डॉलर के पार निकल गया है। इस साल अबतक क्रूड में 64% और बीते 1 साल में 82% की तेजी आई है। ग्लोबल लेवल पर क्रूड की सप्लाई को लेकर कंसर्न बना है। यूएस में इन्वेट्री अभी नॉर्मल नहीं हुई है।

इससे पहले अमेरिका के शेयर बाजार कमजोरी के साथ बंद हुए। डाओ जोंस 0.03% गिरकर 34,746 पर बंद हुआ। नैस्डैक 0.51% की कमजोरी के साथ 14,579 और S&P 500 0.19% गिरकर 4,391 पर बंद हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *