नॉर्वे के कोंग्सबर्ग शहर में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक व्यक्ति ने तीर-कमान से हमला किया। घटना में 5 लोगों की जान गई और 2 घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है, हालांकि उसके या मारे जाने वालों के बारे में फिलहाल, कोई जानकारी नहीं दी गई है।
‘द मिरर’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर ने कूप एक्स्ट्रा सुपरमार्केट में घुसकर लोगों पर हमला किया। बाद में छापेमारी के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। नॉर्वे को काफी शांत देश माना जाता है और यहां अमूमन इस तरह के हमले नहीं होते। अब तक यह भी साफ नहीं हो सका है कि यह आतंकी हमला है या आपसी रंजिश का। पुलिस ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
कोंग्सबर्ग के पुलिस चीफ ओविंड आस ने कहा- हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे ज्यादा जानकारी फिलहाल नहीं दी जा सकती। आरोपी ने सभी हमलों को अकेले ही अंजाम दिया। कुछ लोग मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं, लेकिन इनके बारे में अभी जानकारी नहीं दी जा सकती।
आस के मुताबिक, हमलावर ने सबसे पहले शहर के एक व्यस्त चौराहे पर मौजूद लोगों को निशाना बनाया। इसके बाद वो पास के इलाकों की तरफ भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा किया। जस्टिस मिनिस्टर मोनिका मिलैंड को घटना की जानकारी दी गई है।
आरोपी का पीछा करने के लिए पुलिस ने हेलिकॉप्टर और बम स्क्वॉड को भी तैनात किया था। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि हमलावर को घटनास्थल से 25 किलोमीटर दूर ड्रेमन इलाके से गिरफ्तार किया गया। इस दौरान उसने पुलिस पर भी हमले की कोशिश की।