पेटीएम बढ़ा सकती है IPO साइज

पेटीएम अपने IPO साइज को बढ़ा सकती है। कंपनी 18 हजार करोड़ रुपए IPO से जुटा सकती है। पहले इसने 16,600 करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य रखा था।

पेटीएम ने सेबी के पास जमा ड्राफ्ट रेड हियरिंग प्रोसपेक्टस (DRHP) में बताया था कि वह 16,600 करोड़ रुपए जुटाएगी। पर इसी बीच, IPO से पहले 2 हजार करोड़ रुपए की रकम जुटाने की उसकी योजना फंसती नजर आ रही है। क्योंकि पेटीएम इस 2 हजार करोड़ रुपए को 20 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर जुटाना चाहती थी। जबकि निवेशक 15 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर निवेश करना चाहते हैं।

खबर है कि यह योजना सफल नहीं होगी। इसलिए पेटीएम अब IPO साइज में 1 से 2 हजार करोड़ रुपए की बढ़ोत्तरी कर सकती है। IPO में पेटीएम ने रिटेल निवेशकों के लिए 10% हिस्सा ही रिजर्व रखा है। बाकी गैर संस्थागत निवेशकों के लिए 15% और क्वालीफाइड इंस्टीट्यूशनल (QIB) के लिए 75% हिस्सा रिजर्व रखा गया है। QIB में से 60% तक हिस्सा एंकर निवेशकों के लिए रिजर्व रखा जा सकता है।

एंकर निवेशक IPO खुलने से एक दिन पहले पैसा लगाते हैं। जबकि बाकी निवेशक IPO खुलने से के बाद पैसा लगाते हैं। एंकर निवेशकों में विदेशी निवेशक (FII), म्यूचुअल फंड, बैंक, कंपनियां आदि होती हैं। पेटीएम IPO में जो साइज बढ़ाना चाहती है, वह ऑफर फॉर सेल (OFS) और प्राइमरी शेयर का हिस्सा होगा। OFS मतलब कंपनी में जो पहले से निवेशक हैं, वे या फिर प्रमोटर ज्यादा हिस्सा बेच सकते हैं।

पेटीएम के IPO को शुक्रवार को ही सेबी की मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने जुलाई में सेबी के पास IPO के लिए अर्जी दी थी। कंपनी 3,200 रुपए के भाव पर IPO ला सकती है। हालांकि जिन संस्थागत निवेशकों ने सालों पहले निवेश किया था, उन्हें IPO में कई गुना ज्यादा फायदा मिलेगा। पेटीएम ने सेबी के पास जो मसौदा जमा कराया है उसमें इन निवेशकों की जानकारी दी गई है। इसके मुताबिक सैफ मारीशस ने 15 रुपए के भाव पर 9.41 करोड़ शेयर खरीदा था। अब 3200 से 3800 के भाव पर इसे 246 गुना का फायदा होगा।इसी तरह एलेवेशन कैपिटल ने 78 रुपए के भाव पर 42 लाख शेयर लिया है। इसे 49 गुना का फायदा मिल सकता है। सैफ पार्टनर्स इंडिया ने 306 रुपए पर 3.96 करोड़ शेयर खरीदा है। यानी इसे 12.40 गुना का फायदा मिलेगा। चीन के अलीबाबा ग्रुप ने 583 रुपए के भाव पर 4.42 करोड़ शेयर खरीदा है। इसे 6 गुना से ज्यादा का फायदा IPO में मिलेगा।

इसी तरह अन्य निवेशकों में माउंटेन कैपिटल फंड ने 60.66 लाख शेयर खरीदा है। इसका भाव 547 रुपए है। इसे 6.5 गुना के करीब फायदा मिलेगा। बीएच इंटरनेशनल ने 1.7 करोड़ शेयर 1,279 रुपए के भाव पर खरीदा है। यानी इसे भी 3 गुना के करीब फायदा मिल सकता है। डीजी पीटीएम ने 1,708 रुपए के भाव पर 47.62 लाख शेयरों को खरीदा है। इसे 2 गुना से ज्यादा फायदा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *