छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव हो रहा है। यहां नाइजीरिया, फिलिस्तीन, श्रीलंका से कलाकार आए हैं। ये सभी अपने देशों की आदिवासी संस्कृति को नृत्य के जरिए पेश करेंगे। कार्यक्रम से पहले फिलिस्तीन और श्रीलंका के करीब 100 कलाकार नवा रायपुर के पुरखौती मुक्तांगन घूमने पहुंचे। यहां उन्होंने छत्तीसगढ़ी सॉन्ग पर गजब का डांस किया। स्थानीय कोरियोग्राफर के बताए स्टेप्स पर ऐसे नाचे कि देखने वाले भी हैरान थे। छत्तीसगढ़िया स्टाइल में गजब के ठुमके इन विदेशी मेहमानों ने लगाए।
फिलिस्तीन और श्रीलंका से आए कलाकारों ने बताया कि हमें भाषा भले ही समझ न आई जो मगर म्यूजिक तो भाषाओं से परे हैं, यहां स्थानीय कलाकरों के साथ मस्ती करने में बड़ा मजा आया। पुरखौती मुक्तागंन में जब ये विदेशी कलाकार पहुंचे उस वक्त यहां यहां छत्तीसगढ़ी फिल्मों के एक्टर प्रकाश अवस्थी का एल्बम शूट हो रहा था। शूट के ब्रेक के दौरान सभी विदेशी कलाकार छत्तीसगढ़ी डांसर के ग्रुप के साथ नाचने लगे। एक्टर प्रकाश अवस्थी ने इनका स्वागत किया।
एक्टर प्रकाश अवस्थी ने बताया कि हम- मोर छत्तीसगढ़ महतारी तोला बारंबार प्रणाम है, तोर कोरा में जन्मों में हा, इही मोर अरमान है…। इस गाने की शूटिंग कर रहे थे। विदेशों से आए कलाकारों को हमारे शूटिंग का अंदाज और म्यूजिक भा गया। वो राज्य के जिन अधिकारियों के साथ घूमने आए थे उनके जरिए निर्माता दिग्विजय वर्मा तक बात पहुंचाई कि वे भी छत्तीसगढ़ी गीत पर डांस करना चाहते हैं। मेहमानों का ये निवेदन हमने तुरंत स्वीकार कर लिया।
लगभग 30 से 40 विदेशी कलाकारों ने लगभग आधे घंटे तक छत्तीसगढ़ी गीत पर हमारे साथ डांस किया। उन्हें काफी मजा आ रहा था। इसके बाद मुक्तांगन में बने प्रदेश के आदिवासी संस्कृति के मकान, पूजा-पाठ, रहन-सहन के तरीकों के बारे में विदेशी कलाकारों को बताया गया।