चन्नी ने पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने पर विज्ञापन दिया, सबसे ज्यादा रेट कांग्रेस शासित राजस्थान के बताए

पेट्रोल-डीजल पर टैक्स कम करने वाला पंजाब पहला कांग्रेस शासित राज्य बन गया है। रविवार को पंजाब सरकार ने पेट्रोल 10 रुपए और डीजल 5 रुपए प्रति लीटर टैक्स कम कर दिया है। दाम करने के अगले दिन पंजाब सरकार ने विज्ञापन जारी किया। इसमें बताया गया कि अब पंजाब में पेट्रोल-डीजल कई राज्यों से सस्ता हो गया है, लेकिन इस विज्ञापन ने कांग्रेस शासित राजस्थान पर ही सवाल खड़े कर दिए।

विज्ञापन में बताया गया कि राजस्थान में पेट्रोल और डीजल के दाम सबसे ज्यादा हैं। वहां पेट्रोल 116.27 रु. प्रतिलीटर और डीजल 100.46 रु. प्रति लीटर है। विज्ञापन में CM चरणजीत चन्नी की फोटो लगी है और बताया गया है कि पंजाब में अब पेट्रोल के रेट 95 रु. प्रति लीटर और डीजल के 83.75 रु. हो गया है।राजस्थान के CM अशोक गहलोत पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाने से इनकार कर चुके हैं। उनका कहना है कि पेट्रोल और डीजल से एडिशनल एक्साइज ड्यूटी, स्पेशल एक्साइज ड्यूटी और सेस के रूप में जो रेवेन्यू केंद्र सरकार इकट्ठा कर रही है, उस पर राज्य सरकारें वैट लगाती हैं। महंगाई को देखते हुए केंद्र सरकार को इसमें और अधिक कमी करनी चाहिए। इससे राज्यों का वैट अपने आप ही कम हो जाएगा।

पंजाब में वैट घटाने के बाद हरियाणा से भी सस्ता पेट्रोल और डीजल मिलेगा। पंजाब सरकार के दावे के मुताबिक, हरियाणा में पेट्रोल 95.29 रुपए और डीजल 86.53 रुपए प्रति लीटर है, जो पंजाब के मुकाबले अधिक है। वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी के प्रभाव को देखते हुए दिल्ली की भी तुलना की गई। दिल्ली में पेट्रोल 104.01 रुपए और डीजल 86.71 रुपए बताया गया है।

पंजाब सरकार के विज्ञापन देखकर विरोधी भी आलोचना करने से पीछे नहीं रहे। अकाली दल के प्रवक्ता डॉ. दलजीत चीमा ने कहा कि पंजाब के मुकाबले चंडीगढ़ और हिमाचल में पेट्रोल-डीजल सस्ता है। चंडीगढ़ में पेट्रोल 94.23 रुपए और डीजल 80.90 रुपए प्रति लीटर है।

हिमाचल के नालागढ़ में पेट्रोल 93.67 रुपए और डीजल 78.94 रुपए प्रति लीटर है। उन्होंने सीएम चरणजीत चन्नी को कहा कि इसकी तुलना भी उन्हें अपने विज्ञापन में करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *