समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ में समाजवादी इत्र लॉन्च किया। 2022 के चुनावों को देखते हुए यह इत्र 22 फूलों से बनाया गया है। अखिलेश ने कहा कि इसकी खुशबू 2022 में अपना असर दिखाएगी। लोग इसे सूंघेंगे तो उन्हें पता चल जाएगा कि कौन आ रहा है? 2024 में 24 फूलों वाला इत्र लॉन्च होगा। कन्नौज के MLC पम्मी जैन ने कहा कि जब लोग इसे इस्तेमाल करेंगे तो उन्हें इसमें समाजवाद की खुशबू आएगी, जो 2022 में नफरत को खत्म करेगी। उन्होंने 2024 वाला बयान लोकसभा चुनाव को लेकर दिया है।
नोटबंदी के 5 साल पूरे होने पर अखिलेश यादव ने मंगलवार को खजांची यादव का 5वां बर्थडे मनाया। कन्नौज के रहने वाले खजांची यादव का जन्म नोटबंदी के दौरान बैंक के बाहर लगी लाइन में हुआ था। इस दौरान अखिलेश ने गैस सिलेंडर दिखाते हुए केंद्र सरकार से सवाल किया कि इसके दाम कब कम होंगे? अखिलेश ने कहा कि नोटबंदी के फैसले को मास्टर स्ट्रोक बताया जा रहा था, लेकिन यह ब्रेन स्ट्रोक निकला।
अखिलेश ने कहा कि अर्थव्यवस्था के जो हालात हैं, उसका कारण भाजपा के गलत फैसले हैं। जब तक भाजपा सरकार में है, न्याय नहीं हो सकता है। ट्रिपल इंजन की सरकार कानून व्यवस्था को ध्वस्त कर रही है। दिल्ली का इंजन, लखनऊ का इंजन और लखीमपुर का इंजन। लखीमपुर की हिंसा में SIT की जांच पर सवाल उठ रहे हैं। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा चुके हैं। मुख्यमंत्री खुद सोचें कि सुप्रीम कोर्ट क्यों सवाल उठा रहा है। गृह राज्यमंत्री का अभी भी इस्तीफा नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री अपने खानदान के पास चले जाएं, यूपी का भला हो जाएगा।
अखिलेश ने कहा कि आज मार्केट में पैसे का ज्यादा सर्कुलेशन है। भाजपा बताए कि किसका फायदा हो रहा है। एक हमारे विधायक भूख हड़ताल पर हैं। उनसे अपील है कि गूंगी-बहरी सरकार से क्या लड़ना। भूख हड़ताल छोड़ स्वस्थ होकर लड़ें। हमारे नेता प्रतिपक्ष आज उनका धरना खत्म कराएंगे। दरअसल, अमेठी के विधायक राकेश बीते 31 अक्टूबर से लखनऊ में गांधी प्रतिमा पर धरना दे रहे हैं। उन्होंने सड़क नहीं बनने से नाराज होकर इस्तीफा दे दिया है।