मलिक परिवार ने फडणवीस को भेजा 5 करोड़ का मानहानि नोटिस, अमृता ने भी किया नोटिस का पलटवार

महाराष्ट्र के पूर्व CM देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ एनसीपी के नेता और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नवाब मालिक की बेटी और दामाद समीर खान ने 5 करोड़ के मानहानि का नोटिस भेजा है। इसकी जानकारी गुरुवार को मलिक ने दी है। मलिक ने कहा कि फडणवीस ने उनके परिवार को बदनाम करने का प्रयास किया। अगर पूर्व CM माफी नहीं मांगते हैं तो उनका परिवार दीवानी और फौजदारी अदालत में फडणवीस के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दाया करेगा।

इसके जवाब में पूर्व CM की पत्नी अमृता फडणवीस ने भी एक लॉ फर्म के माध्यम से नवाब मलिक को आपराधिक मानहानि का नोटिस भेजा है। इसमें उन्होंने एक ड्रग पैडलर और उनके बीच संबंध स्थापित करने की झूठी जानकारी देते हुए 48 घंटे में ट्वीट को हटाने और बिना शर्त माफी मांगने को कहा गया है।

मलिक ने एक दिन पहले गुजरात से बरामद हुई 350 करोड़ की ड्रग्स मामले में भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। मलिक ने कहा,’महाराष्ट्र में कुछ ग्राम ड्रग्स पकड़ कर पूरे देश में हल्ला किया जा रहा है, लेकिन गुजरात में 350 करोड़ की यानी 66 किलोग्राम ड्रग्स बरामद हुई है। इसकी चर्चा नहीं हो रही है। हम यह सवाल उठाते हैं कि क्या ड्रग्स का यह खेल गुजरात से तो नहीं चल रहा है? यहां से बरामद ड्रग्स के मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। हम एनसीबी के डीजी से यह रिक्वेस्ट करते हैं कि गुजरात के रास्ते से ड्रग्स आ रही है और यहीं से पूरे देश में फैलाया जा रहा है। वे ड्रग्स के इस खेल का पर्दाफाश करें।’

मलिक ने आगे कहा कि गलत गतिविधियों पर रोक लगानी चाहिए। पूर्व CM पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दूसरों की तुलना जानवर से करने से उसी की छवि खराब होती है। हम इस लड़ाई को सही अंजाम तक पहुंचाएंगे।

नवाब मलिक और समीर वानखेड़े के बीच शुरू हुई जुबानी जंग अब भारतीय जनता पार्टी और पूर्व CM देवेंद्र फडणवीस तक पहुंच चुकी है। बुधवार को मलिक ने आरोप लगाया कि पूर्व CM ने अपने कार्यकाल में नकली नोट के खेल को बढ़ावा दिया था और उन्होंने जाली नोट के कारोबार में शामिल रहे भाजपा नेता हाजी अराफात के छोटे भाई को बचाया था।

इसी आरोप पर अराफात आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मलिक के खिलाफ कुछ खुलासे करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके भाई इमरान शेख के नवाब मलिक के साथ भी फोटो हैं। मलिक उसकी शादी और बच्चों के बर्थडे में भी आए थे। हाजी अराफात शेख ने आगे बताया कि नवाब मलिक ने पिक्चर शुरू की है, लेकिन फिल्म को हम खत्म करेंगे। हाजी अराफात शेख ने कहा कि नवाब मलिक का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है उन्हें तत्काल इलाज की जरूरत है। मेरे पास बम नहीं पर नवाब मलिक का कच्चा चिट्ठा मैं खोलूंगा।

देर रात एक ट्वीट कर मलिक ने कहा, ‘होश उनके यूं उड़े कि चेहरे फीके पड़ गए, हमने तो बस ये किया उन्हें आईना दिखा दिया !’ इससे पहले मलिक ने आरोप लगाया था कि फडणवीस ने विदेशों से आए फोन के बाद कई कुख्यात लोगों के केस सुलझाए। फडणवीस के इशारे पर वसूली होती थी। फडणवीस ने राजनीति का अपराधीकरण किया।

देवेंद्र फडणवीस ने मलिक पर लगाए थे अंडरवर्ल्ड से जमीनें खरीदने के आरोप
इससे पहले 9 नवंबर को महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नवाब मलिक के अंडरवर्ल्ड से रिश्ते का सनसनीखेज खुलासा किया था। फडणवीस ने कहा कि यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है। नवाब मलिक ने दाऊद इब्राहिम के गैंग से जमीनें खरीदीं। ये जमीनें मुंबई में ब्लास्ट करने के आरोपियों की हैं।

इससे पहले समीर वानखेड़े के पिता ध्यानदेव वानखेड़े ने 8 नवंबर को अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत उनके परिवार की जाति के बारे में झूठे आरोप लगाने के लिए मलिक के खिलाफ मुंबई में ओशिवारा डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त के पास अपनी शिकायत की थी। ध्यानदेव का कहना है कि मलिक ने उनके परिवार की जाति को लेकर झूठा और अपमानजनक बयान दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *