राहुल गांधी ने कहा- RSS की नफरत वाली विचारधारा हावी, BJP बोली- कांग्रेस ने 24 घंटे में हिंदू धर्म पर 3 हमले किए

हिंदू धर्म और हिंदुत्व को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। सलमान खुर्शीद और राशिद अल्वी के बाद अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इसमें शामिल हो गए हैं। वहीं, भाजपा ने भी अब कांग्रेस पर हमला करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को भाजपा ने हिंदू धर्म पर आ रहे कांग्रेस के बयानों को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस ने 24 घंटे के अंदर 3 बार हिंदू धर्म पर हमला किया। सलमान खुर्शीद, राशिद अल्वी और इसके बाद खुद राहुल गांधी ने हिंदू धर्म पर सवाल उठाए हैं। ये कांग्रेस और गांधी परिवार का चरित्र रहा है। उन्हें जब भी मौका मिलता है, वे हिंदू धर्म पर हमला करते हैं।

पात्रा ने कहा कि 17 दिसंबर 2010 को राहुल गांधी ने कहा था कि देश को आतंकवाद से ज्यादा खतरा हिंदुओं से है। पी चिदंबरम ने 25 अगस्त 2010 को पहली बार भगवा आतंकवाद शब्द का प्रयोग किया था।

संबित ने आगे कहा कि सलमान खुर्शीद हिन्दू धर्म की तुलना बोकोहरम और ISIS से करते हैं और शशी थरूर हिन्दू तालिबान कहते हैं। दिग्विजय सिंह और मणिशंकर अय्यर हिन्दू धर्म के खिलाफ भगवा आतंकवाद जैसे शब्दों का प्रयोग करते हैं। यह संयोग नहीं, ये प्रयोग है और इस प्रयोगशाला के सबसे बड़े नेता राहुल गांधी हैं। राहुल के कहने पर शशी थरूर, सलमान खुर्शीद, दिग्विजय सिंह और मणिशंकर अय्यर जैसे लोग हिन्दू धर्म के विरोध में बयानबाजी करते हैं।

राहुल गांधी ने शुक्रवार को पार्टी के जन जागरण अभियान का वर्चुअली शुभारंभ करते हुए पूछा कि क्या हिंदुत्व और हिंदू धर्म में समानताएं हैं? अगर दोनों एक ही हैं तो इनका नाम अलग-अलग क्यों है। बिल्कुल, दोनों में अंतर हैं। हिंदू धर्म में किसी मुस्लिम या सिख को पीटने की बात नहीं है, लेकिन हिंदुत्व में जरूर है। हम मानें या न मानें, लेकिन RSS और ‌BJP की नफरत फैलाने वाली विचारधारा कांग्रेस की प्यार फैलाने वाली राष्ट्रवादी विचारधारा पर भारी पड़ गई है।कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने UP के संभल में कार्यक्रम के दौरान राम के बहाने BJP पर निशाना साधा। उन्होंने रामायण का एक प्रसंग सुनाते हुए जय श्रीराम कहने वालों की तुलना राक्षस से कर डाली। अल्वी ने कहा, ‘जो जय श्रीराम का नारा लगाते हैं, वे सभी मुनि नहीं, वो निशाचर होते हैं। होशियार रहने की जरूरत है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *