टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण नेशनल क्रिेकेट एकेडमी के नए हेड बनाए गए हैं। इससे पहले NCA के प्रमुख राहुल द्रविड़ थे जो अब भारतीय टीम के कोच हैं। पहले लक्ष्मण ने इस पद को संभालने से मना कर दिया था। लेकिन BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली के मनाने के बाद वो मान गए हैं। लक्ष्मण अपना पदभार इंडिया ए टीम के साउथ अफ्रीका दौरे के बाद संभाल सकते हैं।
BCCI के एक अधिकारी ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया ‘लक्ष्मण अपनी शर्तों पर NCA प्रमुख बनने को तैयार हुए हैं। सौरव गांगुली और सेक्रेटरी जय शाह यही चाहते थे। क्योंकि द्रविड़ और लक्ष्मण की समझ कमाल की है और ये टीम इंडिया और NCA दोनों के लिए बहुत अच्छा रहेगा। उनके अप्वाइंटमेंट के नियम और शर्तों पर काम जारी है। लेकिन उन्होंने अभी से ही NCA के साथ अपने आइडिया शेयर करने शुरू कर दिए हैं।’
उन्होंने आगे कहा कि लक्ष्मण का NCA हेड बनना लंबी प्रक्रिया का हिस्सा है। इसे लेकर सौरव गांगुली और जय शाह के साथ उनके बातचीत का सिलसिला भी लंबा चला। लक्ष्मण के सामने सबसे बड़ी दुविधा हैदराबाद से फैमिली के साथ बेंगलुरु सेटल होने को लेकर था।
उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद से भी बात की, जिसके वो मेंटर हैं। बहरहाल अब सारी उलझनों को सुलझा लिया गया है। लक्ष्मण ने टीम इंडिया के लिए 134 टेस्ट और 86 वनडे मैच खेले हैं।
रवि शास्त्री की जगह लक्ष्मण टीम इंडिया के कोच बनना चाहते थे। राहुल द्रविड़ अगर ये पद नहीं संभालते तो लक्ष्मण ही विकल्प थे। बता दें, अब लक्ष्मण IPL में हैदराबाद के मेंटर के पद से भी हटना पड़ेगा, क्योंकि BCCI संविधान के अनुसार वो NCA के हेड रहते कोई और क्रिकेट जिम्मेदारी नहीं ले सकते।