शिवसेना के वरिष्ठ नेता अर्जुन खोतकर के जालना स्थित घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने छापा मारा है। 12 अधिकारी पिछले कुछ देर से उनके घर की तलाशी ले रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शिवसेना नेता से भी एक कमरे में पूछताछ जारी है। अर्जुन खोतकर कृषि उपज मंडी समिति के अध्यक्ष भी हैं। यहां भी ED की एक टीम जांच के लिए पहुंची है।
औरंगाबाद में भी एक उद्योगपति और व्यवसायी के घर पर ईडी की छापेमारी चल रही है। यह कहा जा रहा है कि इसका संबंध भी खोतकर से है। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कुछ दिनों पहले अर्जुन खोतकर पर बेनामी तरीके से जालना सहकारी चीनी मिल खरीदने के नाम पर 100 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगाया था।
सोमैया ने खुलासा किया था कि खोतकर द्वारा खरीदी गई चीनी मिल में शेयर होल्डर रही एक कंपनी में मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल की पत्नी और ससुर की भी भागीदारी है।
उन्होंने कहा कि जालना जिले में स्थित रामनगर चीनी मिल के सहारे खोतकर ने 100 करोड़ का घोटाला किया है। सबूतों के साथ घोटाले की शिकायत ईडी, इनकम टैक्स विभाग, ठाकरे सरकार और केन्द्र सरकार के सहकार मंत्रालय को की गई है। खोतकर ने गुमनाम तरीके से रामनगर चीनी मिल खुद के पैसों से खरीदी है।
उन्होंने बताया था कि सन 2012 में खोतकर चीनी मिल के सहारे 100 करोड़ घोटाला करने का षडयंत्र शुरु किया था। उन्होंने घोटाला किस तरह किया इसके सारी जानकारी सबूत के साथ ईडी और इनकम टैक्स को देने की बात भी कही थी।
किरीट ने आगे बताया था कि चीनी मिल की जमीन पर कॉम्प्लेक्स बनाने का षडयंत्र खोतकर ने रचा था। आज चीनी मिल की जमीन की कीमत 1 हजार करोड़ से अधिक है। रामनगर चीनी मिली घोटाले की शिकायत किसानों ने मेरे पास करने के बाद मैंने सारे सबूत जमा कर खोतकर का 100 करोड़ का घोटाला बाहर निकाला है।
इस घोटाले की जांच शुरु हो चुकी है। इस घोटाले में और अधिक कार्रवाई तेजी से शुरु होने का दावा किरीट सोमैया ने पहले ही किया था। आज हुई रेड को इसी से जोड़ कर देखा जा रहा है।
किरीट ने आगे कहा था कि महाराष्ट्र को लूटने की साजिश ठाकरे-पवार सरकार द्वारा रची जा रही है। रिकवरी मामले में सरकार के गृह मंत्री जेल जाते हैं। इसलिए नेताओं को अपमानित करने की बजाय उन्हें धमका रहे हैं। सोमैया ने यह भी कहा था कि उद्धव ठाकरे सरकार में 23 मंत्रियों, नेताओं और अधिकारियों की जांच चल रही है।