फ्रांस में 1 करोड़ से ज्यादा लोगों को लगी बूस्टर डोज

ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के बीच फ्रांस ने अपने 1 करोड़ नागरिकों को बूस्टर डोज लगाया है। फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्री ओलिवियर वेरन ने सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक फ्रांस में अब तक 5.20 करोड़ लोगों को वैक्सीन की एक डोज लग चुकी है। फ्रांस ने फाइजर/बायोएनटेक, मॉडर्ना, जॉनसन एंड जॉनसन और एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन को मंजूरी दी है।

शुक्रवार को फ्रांस ने 51,624 नए कोरोना केस रजिस्टर कराए। यहां पर एक हफ्ते में कोरोना मामलों में करीब 60% इजाफा हुआ है, जिसके चलते सरकार की चिंता बढ़ गई है। सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री बैठक करने जा रहे हैं। इसमें वे कोरोना संक्रमण रोकने के लिए अतिरिक्त उपायों पर चर्चा करेंगे।

नया कोरोना वैरिएंट ओमिक्रॉन अब तक दुनिया के 38 देशों में पहुंच चुका है, लेकिन राहत की बात यह है कि वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) के मुताबिक, दो सप्ताह में अब तक किसी भी देश में इस वैरिएंट से संक्रमित व्यक्ति की मौत की खबर नहीं आई है। ओमिक्रॉन का पहला मामला 24 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका में मिला था।

WHO के डायरेक्टर (इमरजेंसी) माइकल रयान ने कहा है कि बेहद ज्यादा म्यूटेशन वाला यह कोविड-19 स्ट्रेन कितना खतरनाक है, इसकी सही जानकारी मिलने में अभी कई सप्ताह लगेंगे। साथ ही यह वैक्सीन के खिलाफ कैसा प्रभाव दिखा रहा है, यह भी कुछ समय बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *