कोरोना देश में:ब्रिटेन और कनाडा से भोपाल लौटे दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले

ब्रिटेन और कनाडा से मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल आए दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। दोनों को आइसोलेशन में रखा गया है। ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए दोनों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं। ​​​​इनमें से एक इब्राहिमगंज का रहने वाला है। उसकी उम्र 41 साल है। वह 30 नवंबर को ब्रिटेन से गुजरात आया था। वहां से 4 दिसंबर को भोपाल आ गया। RT-PCR टेस्ट में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद कॉन्टैक्ट ट्रैसिंग कराई गई। इसमें परिवार के 4 सदस्यों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है।

संक्रमित मिले दूसरे व्यक्ति की उम्र 42 साल है। वह कोलार का रहने वाला है और 4 दिसंबर को कनाडा से भोपाल आया था। इसकी RT-PCR टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कॉन्टैक्ट ट्रैसिंग के आधार पर दो लोगों की जांच कराई गई। हालांकि, दोनों की रिपोर्ट निगेटिव आई।सिंगल डोज रूसी एंटी कोविड वैक्सीन स्पुतनिक लाइट का उत्पादन भारत में जल्द शुरू हो सकता है। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने सोमवार को कहा कि भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से वैक्सीन उत्पादन को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है। जल्द ही इस पर अच्छी खबर मिल सकती है। रूसी मीडिया TASS के मुताबिक सब कुछ ठीक रहा तो भारत में हर साल करीब 10 करोड़ स्पुतनिक लाइट का प्रोडक्शन होगा।

ओमिक्रॉन के खतरे के बीच आगरा से 45 विदेशी सैलानियों के लापता होने की खबर है। ये सभी नवंबर में ताजमहल घूमने आए थे। जिला प्रशासन ने इनकी तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए चार रैपिड रिस्पॉन्स टीम बनाई गई है। लोकल इंटेलिजेंस यूनिट भी इनकी तलाश में जुटी हुई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए शहर में आने वाले सभी विदेशी सैलानियों की स्कैनिंग की जा रही है। सीएमओ डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि विदेशी सैलानियों ने होटलों के रजिस्टर में अपना नाम और पता गलत लिखवाया था। इनके इंटरनेशनल मोबाइल नंबर भी बंद हैं।

लखनऊ में मंगलवार से धारा 144 लागू कर दी गई है। इस आदेश के बाद विधानसभा के आसपास धरना-प्रदर्शन पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने यह फैसला कोरोना के बढ़ते मामलों, क्रिसमस, न्यू ईयर का जश्न और प्रवेश परीक्षाओं को देखते हुए लिया है। जेसीपी लॉ एंड आर्डर पीयूष मोर्डिया ने यह आदेश जारी किया है। उनके अनुसार विधानसभा के आसपास धरना प्रदर्शन या वाहन के साथ प्रदर्शन को धारा 144 का उल्लंघन माना जाएगा। कंटेनमेंट जोन को छोड़कर धर्म स्थलों पर 50 से ज्यादा लोग जमा नहीं हो सकेंगे। बंद स्‍थानों पर एक समय में 100 से ज्‍यादा लोगों के इकट्ठा होने पर भी रोक रहेगी।

केंद्र सरकार ने कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए 1 नवंबर को एट रिस्क देशों की सूची जारी की थी। सरकार ने मंगलवार को इस लिस्ट से बांग्लादेश को हटा दिया है। हालांकि घाना और तंजानिया का नाम इसमें शामिल किया गया है। नई लिस्ट में यूरोप, ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बोत्सवाना, चीन, घाना, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, जिम्बाब्वे, सिंगापुर, तंजानिया, हांगकांग और इजराइल पहले से शामिल हैं।इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता जाहिर की है। IMA ने सरकार से मांग की है कि कोरोना वॉरियर्स के लिए वैक्सीन की अतिरिक्त डोज मुहैया कराई जाएं। देश में ओमिक्रॉन के अब तक 21 केस मिल चुके हैं। IMA ने कहा कि ओमिक्रॉन की संक्रमण दर काफी तेज है। समय रहते जरूरी कदम उठाने होंगे, नहीं तो कोरोना की खतरनाक तीसरी लहर आ सकती है।

जयपुर में मिले ओमिक्रॉन के 9 मरीजों का इलाज SMS मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स की निगरानी में जारी है। डॉक्टर्स का कहना है कि इन मरीजों में ओमिक्रॉन संक्रमण के बहुत ही हल्के लक्षण मिले हैं। ओमिक्रॉन के लक्षण डेल्टा वैरिएंट की तुलना में बहुत ही अलग हैं। डॉक्टर्स ने यह भी बताया है कि डेल्टा की तुलना में ओमिक्रॉन से संक्रमितों के गंभीर होने की दर बहुत ही कम है।देश के 85% युवाओं को कोरोना वैक्सीन की कम से कम एक डोज लग चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। इसके साथ ही 50% युवा फुली वैक्सीनेटेड हो चुके हैं। देश में अब तक 1.28 अरब टीके लगाए जा चुके हैं।

ओमिक्रॉन संक्रमित मिले बेंगलुरु के डॉक्टर का कोरोना टेस्ट फिर से पॉजिटिव आया है। डॉक्टर में संक्रमण की पुष्टि होने के सात दिन बाद दोबारा RT-PCR टेस्ट हुआ। अब सात दिन तक और उन्हें निगरानी में रखा जाएगा। इसके बाद एक बार फिर से उनकी कोरोना जांच है। RT-PCR टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आने पर ही उन्हें डिस्चार्ज किया जाएगा। मालूम हो कि कर्नाटक में ही देश के पहले दो ओमिक्रॉन केस मिले थे।मध्य प्रदेश में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। 24 घंटे में 16 नए पॉजिटिव मिले हैं। 10 दिन बाद इंदौर में सबसे ज्यादा 8 कोरोना केस आए हैं। भोपाल में 6 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। यहां एक 84 साल की कोरोना संक्रमित महिला की मौत हो गई है। वहीं जबलपुर में 2 नए केस आए हैं। जबलपुर टूरिज्म प्रमोशन ऑफ काउंसिल (JTPCL) के CEO हेमंत सिंह के बेटे की शादी में आया जर्मन युवक कोरोना पॉजिटिव निकला है। रिसेप्शन में 2000 लोग शामिल हुए थे। प्रदेश में सोमवार को 13 मरीज ठीक भी हुए। इसके साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या 140 हो गई है।

देश में बीते दिन कोरोना के 6,822 नए केस मिले। पिछले 558 दिनों में नए संक्रमितों की यह सबसे कम संख्या है। सोमवार को 220 कोविड मरीजों की मौत हुई और 10,004 लोग रिकवर हुए। फिलहाल 95,014 एक्टिव केस हैं, जो कि 554 दिनों में सबसे कम हैं। देश में इस महामारी के खिलाफ वैक्सीनेशन कैंपेन जारी है। अब तक 1.28 अरब टीके लगाए जा चुके हैं।

कोरोना से बच्चों को बचाने के लिए सरकार जल्द ही पंजाब समेत देश के सात राज्यों में वैक्सीनेशन शुरू करने का दावा कर रही है। केंद्र स्तर की बैठक में पहले चरण के वैक्सीनेशन के राज्यों का चयन किया है। इन राज्यों के स्वास्थ्य विभाग को अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी ही नहीं दी गई है। वहीं जो वैक्सीन बच्चों को लगाई जानी है, उसे अभी तक देशी के सर्वोच्च वैज्ञानिक निकाय राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह टीकाकरण (NTAGI) से मंजूरी ही नहीं मिली है। केंद्र सरकार ने बच्चों के टीकाकरण के लिए पंजाब, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल का चयन किया है।

गोवा में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के 5 संदिग्ध केस मिले हैं। ये सभी एक व्यापारी जहाज से गोवा आए हैं। इन्हें क्वारैंटाइन कर दिया गया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने कहा, ‘मैं गोवा के लोगों को सूचित करना चाहता हूं कि एक जहाज के चालक दल के 5 सदस्यों को क्वारैंटाइन किया गया है। इनमें ओमिक्रॉन के वायरस होने के संदेह के आधार पर अलग किया गया है।

इनके सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए पुणे भेजे गए हैं। रिपोर्ट का इंतजार है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। वायरस से सुरक्षित रहने के लिए सभी सावधान रहें।’

बता दें कि देश में अब तक नए वैरिएंट के 24 केस सामने आ चुके हैं। ओमिक्रॉन से संक्रमित लोग कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली और गुजरात में पाए गए हैं।इंग्लैंड से बिहार आए कोरोना संक्रमित में नया वैरिएंट ओमिक्रॉन नहीं पाया गया है। वह UK वैरिएंट डेल्टा से संक्रमित था। बिहार में कोरोना के जिनोम सीक्वेंसिंग की पहली जांच रिपोर्ट राहत देने वाली है। यात्री लगभग 20 दिन पहले कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद जिनोम सीक्वेंसिंग के लिए सैंपल इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) भेजा गया था। डॉक्टरों का कहना है कि इंग्लैंड से आए व्यक्ति में UK वैरिएंट डेल्टा पाया गया है, जिसका प्रभाव दूसरी लहर में देखा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *