बिहार की राजधानी पटना में विदेश यात्रा से लौटे 5 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसमें 2 सिंगापुर और 3 नेपाल से आए हैं। एक साथ 5 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है।
स्वास्थ्य विभाग पांचों के संपर्क में आने वालों की कांटेक्ट ट्रेसिंग कराने और उनके सैंपल ओमिक्रॉन वैरिएंट की जांच के लिए जीनोम सीक्वेंसिंग को भेजने की तैयारी कर रहा है। सिविल सर्जन डॉ विभा कुमारी का कहना है कि जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है। पटना में इससे पहले दुबई से आए दो लोग भी कोरोना पॉजिटिव मिले थे। उनकी जीनोम सीक्वेंसिंग की रिपोर्ट भी अब तक नहीं आई है।
कई राज्यों में ओमिक्रॉन के मामलों को देखते हुए केंद्र ने गुरुवार को राज्य सरकारों से 8 जरूरी दवाईयों का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिया है। कोरोना मामलों में किसी भी इजाफे से निपटने के लिए अस्पतालों को रिव्यू करने की सलाह भी दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों और UTs के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से वैक्सीनेशन प्रोग्रेस को रिव्यू किया। उन्होंने राज्यों और UTs के स्वास्थ्य सचिवों और नेशनल हेल्थ मिशन के निदेशकों से कहा कि सभी हेल्थ फैसिलिटीज में वेंटिलेटर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और प्लांट काम करने चाहिए।
कर्नाटक में आज ओमिक्रॉन को लेकर कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक के बाद CM बसवराज बोम्मई ने बताया कि तकनीकी सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. सुदर्शन ने हमें स्थिति के बारे में जानकारी दी है। CM ने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है। हमारे मंत्रियों ने विशेष टीकाकरण अभियान जारी रखने का सुझाव दिया है।कोरोनावायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से संक्रमित महाराष्ट्र का पहला मरीज पूरी तरह से ठीक होकर बुधवार को अपने घर पहुंच गया। पेशे से मरीन इंजीनियर इस 33 वर्षीय शख्स को कल्याण-डोंबिवली नगरपालिका क्षेत्र में स्थित इसके घर पर क्वारंटाइन रखा गया है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में मुंबई के लिए उड़ान भरने से पहले दुबई के रास्ते दक्षिण अफ्रीका से दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचा था। कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि के बाद इसकी जीनोम सिक्वेंसिंग करवाई गई थी। महाराष्ट्र में अब तक ओमिक्रॉन वैरिएंट के 10 मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए सख्त दिशानिर्देश जारी किए हैं।
मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 19 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सबसे ज्यादा केस इंदौर में 7 मिले हैं। इसके बाद भोपाल में 5 पॉजिटिव आए हैं। इसके अलावा जबलपुर में 3, उज्जैन में 2, होशंगाबाद और सिंगरौली में 1-1 पॉजिटिव मिला है। प्रदेश में 124 दिन बाद 150 से ज्यादा एक्टिव केस आए हैं। इसके पहले 7 अगस्त को 156 और 9 अगस्त को 148 एक्टिव केस थे।
हेल्थ मिनिस्ट्री के आंकड़ो के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 9,419 मामले दर्ज किए गए हैं और 159 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 8,251 लोग ठीक हुए हैं। फिलहाल देश में एक्टिव केस की संख्या 94,742 है और रिकवरी रेट 98.36% है। देश में अब तक 130.39 करोड़ लोगों को वैक्सीन की डोज लग चुकी है। कोरोना की वजह से देश में कुल 4,74,111 लोगों की मौत हो चुकी है। हेल्थ मिनिस्ट्री ने बताया कि राज्यों और UTs को वैक्सीन की 140 करोड़ से ज्यादा डोज दी जा चुकी है। राज्यों के पास अभी भी वैक्सीन की 19 करोड़ से ज्यादा डोज मौजूद है।
गोवा में ओमिक्रॉन वैरिएंट के संदिग्ध मामले सामने आए हैं। राज्य के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि संदिग्ध संक्रमित रूस से दिल्ली होकर गोवा लोटे हैं। उन्होंने कहा कि अभी सीधे तौर पर इसे ओमिक्रॉन का मामला नहीं कह सकते हैं। उनकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। सभी को आइसोलेशन में रखा गया है। सीएम सावंत ने कहा कि पैनिक खड़ा करने की जरूरत नहीं है। मैं लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील करता हूं।कई राज्यों में ओमिक्रॉन के मामलों को देखते हुए केंद्र ने राज्य सरकारों से ओमिक्रॉन संक्रमित सभी पेशेंट्स को अलग-अलग आइसोलेशन फैसिलिटी में रखने का निर्देश दिया है। हेल्थ सेक्रेटरी राजेश भूषण ने राज्यों और UTs को लिखे लेटर में यह सुनिश्चित करने को कहा कि ओमिक्रॉन संक्रमितों में कोई क्रॉस-इंफेक्शन न हो। वहीं, दूसरे पेशेंट्स और स्वास्थ्य कर्मियों में ओमिक्रॉन फैलने से रोकने के लिए पर्याप्त सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया है।