छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनावों के लिए मतदान की प्रक्रिया जारी है। मतदान के बीच बीरगांव के वार्ड नंबर 12 में हंगामा हो गया है। वोट करने पहुंचे महेश दास का आरोप है कि जब वह मतदान करने गया तो उसे बताया गया कि उसका नाम सूची से हटा दिया गया है। इसके अलावा तीनों और लोगों को ये कहकर लौटा दिया गया कि उन्होंने पहले ही वोट डाल दिया है।
इसके बाद भीड़ ने मौके पर हंगामा कर दिया है। वार्ड 11-12 रावाभांटा के बवाल में विधायक अजय चंद्राकर और नारायण चंदेल भी पहुंचे। रायपुर के बीरगांव इलाके में फर्जी वोटिंग के नाम पर दोपहर के वक्त बवाल हो गया। भाजपा विधायक ने कहा कि कांग्रेस विधायक का बेटा पंकज शर्मा बूथ के भीतर गया, वहां CCTV बंद करवाकर फर्जी मतदान करवाया और निकल गया। इसी बात को लेकर चंद्राकर, भाजपा के अन्य विधायक नारायण चंदेल के साथ वार्ड नंबर 11 के बूथ के बाहर पहुंच गए। यहां भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त हंगामा कर दिया।
बीरगांव नगर निगम के 95 केंद्रों पर मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हुआ। इसी बीच पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर बीरगांव के गाजी नगर पहुंच गए थे। गाजी नगर वही इलाका है जहां के एक मकान में बोगस वोटर होने की शिकायत बीजेपी ने प्रशासन से की है।
बीजेपी को आशंका है कि कांग्रेस यहां फर्जी मतदान करवा सकती है। ऐसे में मतदान के दिन पूर्व मंत्री खुद ही वहां पहुंचे। वहीं जब कांग्रेस उम्मीदवार इकराम अहमद ने उन्हें यहां आता देखा तो हाथ जोड़कर उनका स्वागत किया। फिर उनके बैठने के लिए कुर्सी भी लगाई।
भाजपा ने कुछ दिन पहले गाजी नगर की वोटर लिस्ट जिला प्रशासन को सौंपी थी। इसमें 200 से ज्यादा वोटरों का पता एक ही मकान का था। इसे बड़ी गड़बड़ी बताकर भाजपा ने इस लिस्ट को रद्द करने की बात कही थी। भाजपा को शक है कि फर्जी तरीके से वोट के हेरफेर के मकसद से ऐसा किया गया है। शिकायत के बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुई थी। तब चंद्राकर दूसरे बीजेपी नेताओं के साथ कलेक्ट्रेट दफ्तर में धरने पर बैठ गए थे।
बीरगांव के 80 हजार से अधिक मतदाता 186 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। कई क्षेत्रों में मतदान को लेकर लोगों में उत्साह नजर आया। वे मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से पहले ही पहुंच गए थे। मतदान, शाम 5 बजे तक चलना है। बीरगांव में अब तक 52 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
अधिकारियों ने बताया, बीरगांव नगर निगम के 40 वार्डों के लिए 20 दिसंबर को मतदान होना है। इस चुनाव में कुल 186 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें से कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस ने सभी 40 वार्डों में उम्मीदवार उतारे हैं। दूसरे राजनीतिक दलों के भी 20 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं 46 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं।
बीरगांव में कुल 95 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां मतदाताओं की संख्या 80 हजार 441 है। जिसमें महिला मतदाताओं की संख्या 36 हजार 799 और पुरुष मतदाताओं की संख्या 43 हजार 627 है। बीरगांव में 15 मतदाता थर्ड और अन्य जेंडर के भी हैं। बताया जा रहा है कि दिन चढ़ने के साथ मतदाताओं की भीड़ भी बढ़ेगी। राजनीतिक दलों के एजेंट मतदाताओं को बूथ तक लाने के लिए मोहल्लों में सक्रिय दिख रहे हैं।
रायपुर की गोबरा-नवापारा नगर पालिका में वार्ड 14 में उपचुनाव हो रहा है। यहां दोनों बूथों पर मतदान शुरू हो चुका है। इस वार्ड में 4 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। उनमें से एक-एक कांग्रेस और भाजपा के प्रतिनिधि हैं और दो निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। कुल एक हजार 91 मतदाताओं को यहां अपना पार्षद चुनना है।
रायपुर के बीरगांव इलाके में फर्जी वोटिंग के नाम पर दोपहर के वक्त बवाल हो गया। भाजपा विधायक और बीरगांव चुनाव के लिए भाजपा की ओर से प्रभारी ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक सत्यनारायण शर्मा का बेटा पंकज शर्मा बूथ के भीतर गया, वहां CCTV बंद करवाकर फर्जी मतदान करवाया और निकल गया। इसी बात को लेकर चंद्राकर, भाजपा के अन्य विधायक नारायण चंदेल के साथ वार्ड नंबर 11 के बूथ के बाहर पहुंच गए। यहां भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त हंगामा कर दिया।
चंद्राकर ने निर्वाचन आयोग के अफसरों को फोन किया और इस मामले की शिकायत भी की। इस मामले में पीठासीन अधिकारी ने पंकज शर्मा के बूथ में घुसने की घटना से इनकार किया है। पंकज जिला कांग्रेस कमेटी में पदाधिकारी भी हैं। बीरगांव का इलाका उनके पिता विधायक सत्यनारायण शर्मा के विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। भाजपा का आरोप है कि पिता-पुत्र की जोड़ी जीत के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।