कोरोना देश-दुनिया में

महाराष्ट्र में शुक्रवार को नए कोरोना वैरिएंट ओमिक्रॉन के 20 नए मामले मिले हैं। इसके साथ ही महाराष्ट्र 100 से ज्यादा ओमिक्रॉन मरीजों वाला देश का पहला राज्य बन गया है। अब राज्य में कुल 108 ओमिक्रॉन मरीज हो गए हैं। देश में आज नए वैरिएंट के कुल 42 मामले मिले हैं, जिससे कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 404 पर पहुंच गई है। महाराष्ट्र के अलावा केरल में 8 लोग, गुजरात में 13 लोग और पश्चिम बंगाल में आयरलैंड से लौटा 27 साल का एक युवक ओमिक्रॉन पॉजिटिव मिले हैं।

महाराष्ट्र हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, शुक्रवार को मिले नए मरीजों में से 11 मुंबई के हैं, जबकि 6 पुणे के रहने वाले हैं। इसके अलावा 2 मरीज सतारा जिले में और 1 अहमदनगर में मिला है। राज्य में शुक्रवार को कुल 1410 कोरोना मरीज मिले हैं, जिनमें 603 मामले मुंबई के हैं। महाराष्ट्र सरकार ने दुबई से मुंबई लौटने वाले सभी लोगों को 7 दिन के लिए होम क्वारैंटाइन करने का आदेश दिया है। इसके अलावा शुक्रवार रात से राज्य में कोरोना की पाबंदियां भी लागू हो जाएंगी। इसके तहत एक जगह 5 से ज्यादा लोगों के जुटने पर रोक रहेगी। गुजरात के वडोदरा में 7, खेड़ा में 3, अहमदाबाद में 2 और आणंद में एक मरीज मिला है।

देश में कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा 140 करोड़ के पार पहुंच गया। हेल्थ मिनिस्ट्री ने बताया कि शुक्रवार शाम 7 बजे तक 59 लाख से ज्यादा डोज लगाए गए। इस तरह देश में अब तक कुल 140.93 करोड़ डोज दिए जा चुके हैं। इनमें 83.43 करोड़ फर्स्ट डोज और 57.50 करोड़ सेकेंड डोज लगाए गए हैं।

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। यहां अब कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज नहीं लेने वालों से 500 रुपए जुर्माना वसूला जाएगा। चंडीगढ़ प्रशासन ने शुक्रवार को बताया कि 1 जनवरी से सार्वजनिक स्थानों पर दोनों वैक्सीन लेने पर ही लोगों को एंट्री दी जाएगी। इधर, हरियाणा सरकार 25 दिसंबर से ही राज्य में नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया है। 

कोरोना के बढ़ते मामलों से दिल्ली और मुंबई की चिंता बढ़ती जा रही है। दिल्ली में शुक्रवार को 6 जून के बाद सबसे ज्यादा 180 संक्रमित मिले हैं। यह पिछले 6 महीनों के बाद संक्रमितों के सबसे ज्यादा आंकड़े हैं। वहीं मुंबई में भी कोरोना के नए केसेस लगातार बढ़ रहे हैं। मुंबई में शुक्रवार को 683 संक्रमित मिले हैं। गुरुवार को भी यहां 602 केस मिले थे। ओडिशा सरकार ने भी कोविड के बिगड़ते हालातों के कारण क्रिसमस और नए साल के समारोहों को प्रतिबंधित कर दिया है। राज्य में 25 दिसंबर से 2 जनवरी तक प्रतिबंध लागू रहेगा।महाराष्ट्र के बीड जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मरने वालों की सूची में दो जिंदा लोगों को नाम शामिल करने का मामला सामने आया है। बीड जिले की अम्बेजोगई म्युनिसिपल काउंसिल के अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है। अधिकारियों ने कहा, दो जिंदा लोगों का नाम कोविड मृतकों की लिस्ट में शामिल होने की जानकारी मिली थी। जांच में इसे सही पाया गया है। लिस्ट में शामिल बाकी नामों की भी अब दोबारा जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, जिंदा होने के बावजूद मृतकों में नाम शामिल करने के इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। इस बात की जांच की जा रही है कि कहीं यह काम सरकार से मुआवजा लेने के लिए जानबूझकर तो नहीं किया गया है।

सरकार ने शुक्रवार को कहा कि देश में ओमिक्रॉन के 358 मामले सामने आए हैं और इनमें से 114 रिकवर हो गए हैं। यह आंकड़ा शुक्रवार सुबह तक का है। पॉजिटिविटी रेट भी दुनिया भर के एवरेज से कम है। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विश्व में केस पॉजिटिविटी रेट 6% से ज्यादा है। भारत में केस पॉजिटिविटी 5.3% है। पिछले 2 सप्ताह के दौरान भारत में केस पॉजिटिविटी दर 0.6% ही रही है।

भूषण ने कहा कि इस बात के सबूत हैं कि कोविड की पहली लहर और डेल्टा वैरिएंट के समय अपनाए ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल ऑमिक्रोन पर भी प्रभावी साबित हुए हैं। उन्होंने केरल और मिजोरम में मामले बढ़ने को लेकर चिंता जताई। कहा कि देश में फिलहाल 20 जिले ऐसे हैं, जिनमें केस पॉजिटिविटी रेट 5 से 10% के बीच है। इनमें से 9 केरल में और 8 जिले मिजोरम में हैं। देश में महज 2 जिलों में केस पॉजिटिविटी रेट 10% से ज्यादा है और ये दोनों जिले मिजोरम में हैं।

देश में 3 हजार लोगों पर बूस्टर डोज का ट्रायल किया जाएगा। इस ट्रायल के नतीजों से यह तय किया जाएगा कि सभी लोगों को बूस्टर डोज लगेगी या नहीं। केंद्र सरकार ने बूस्टर डोज की अनिवार्यता को जानने के लिए एक स्टडी शुरू की है, जिसमें छह महीने पहले वैक्सीन की दूसरी डोज लेने वाले लोगों को शामिल किया जाएगा।

यह स्टडी डिपार्टमेंट ऑफ बायोटेक्नोलॉजी के ट्रांसलेशनल हेल्थ साइंस एंड टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट (THSTI) की तरफ से कराई जा रही है। इसमें कोविशील्ड, कोवैक्सीन और स्पुतनिक वी वैक्सीनों को कवर किया जाएगा। स्टडी के लिए दिल्ली-NCR, गुरुग्राम और फरीदाबाद से सैंपल लिए जाएंगे।ओमिक्रॉन संक्रमण के बढ़ते खतरे के बीच पश्चिम बंगाल सरकार ने नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताया गया है कि स्वास्थ्य विभाग नई RT-PCR जांच शुरू कर रहा है। इसे सैंपल में ओमिक्रॉन के शुरुआती लक्षण का पता चल सकेगा। इसे S-gene मिसिंग RT-PCR test कहा जाता है। इसके साथ ही एडवाइजरी में लोगों को मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग अपनाने की सलाह दी गई है।

दिल्ली ने अपनी वयस्क आबादी के 100% लोगों को पहली डोज लगाने का आंकड़ा पूरा कर लिया। आंकड़ों के मुताबिक 148.33 लाख लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है। दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी।

उन्होंने इस उपलब्धि के लिए डॉक्टर्स, टीचर्स और सभी मेडिकल स्टॉफ को धन्यवाद दिया। देश की 89% वयस्क आबादी को वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है, वहीं 60% आबादी को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *