कोरोना दुनिया में

‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ के बुधवार देर रात जारी डेटा के मुताबिक, फ्रांस में 24 घंटे के दौरान कुल 2.08 लाख नए केस सामने आए। ओमिक्रॉन संक्रमितों की अलग से जानकारी नहीं दी गई है। फ्रांस के हेल्थ मिनिस्टर ओलिवर वेरन ने कहा- इतने केस देखकर हम हैरान हैं। इसका मतलब ये हुआ कि हर सेकंड में हमारे देश में दो लोग पॉजिटिव पाए जा रहे हैं।

अमेरिकी सेंट्रल डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) ने चौंकाने वाले आंकड़े पेश किए हैं। इनके मुताबिक, इस हफ्ते अमेरिका में जितने कोरोना केस आए हैं, उनमें से 58.6% ओमिक्रॉन वैरिएंट के हैं। राष्ट्रपति जो बाइडेन के स्वास्थ्य सलाहकार एंथनी फॉसी ने कहा कि ओमिक्रॉन के मामले में जनवरी के अंत तक सबसे ज्यादा होंगे।

उन्होंने कहा कि अमेरिका में अभी रोजाना औसत 2.4 लाख केस सामने आ रहे हैं। पिछले हफ्ते के मुकाबले 60% का उछाल दर्ज किया गया है।

अफगानिस्तान में फंडिंग की कमी के चलते 50% कोरोना अस्पताल बंद हो गए हैं। इसके चलते बड़ी संख्या में अफगानी नागरिक कोरोना के इलाज के इंतजार में परेशान हो रहे हैं। फंड्स की कमी तभी से आ रही है, जब से तालिबान ने अफगानिस्तान पर कब्जा किया। वर्ल्ड बैंक और इंटरनेशनल मॉनिटरी फंड ने देश को मिलने वाली आर्थिक मदद को रोक दिया है। अमेरिका ने भी अफगान सेंट्रल बैंक के अरबों डॉलर के असेट्स को फ्रीज कर दिया है। अफगानिस्तान में 38 अस्पताल थे, जो कोरोना मरीजों का इलाज कर रहे थे। अब सिर्फ 17 अस्पताल ऑपरेशनल हैं। अब तक देश में कोरोना के 15 लाख मामले सामने आए हैं और इसके चलते 7 हजार लोगों की जान गई है।

WHO चीफ टेडरोस एडनोम गेब्रियासिस ने कोरोना महामारी पर दुनिया को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि डेल्टा और ओमिक्रॉन वैरिएंट की ऐसी सुनामी आएगी कि हेल्थ सिस्टम तबाही के कगार पर पहुंच जाएगा।

गेब्रियासिस बोले- दुनियाभर का हेल्थ सिस्टम वैसे ही अपनी क्षमताओं से आगे जाकर काम कर रहा है। इसके बाद डेल्टा और ओमिक्रॉन जैसे दोनों खतरे संक्रमण का आंकड़ा रिकॉर्ड ऊंचाई तक ले जाएंगे। इससे हॉस्पिटलाइजेशन और मौतें बढ़ेंगीWHO ने बुधवार रात एक बयान में कहा- एक हफ्ते में कोविड-19 के मामले 11% बढ़ गए हैं। यह आंकड़ा 20 से 26 दिसंबर के बीच का है। मौतों के आंकड़े में ज्यादा अंतर नहीं आया है। अक्टूबर के बाद से धीरे-धीरे केस बढ़ना शुरू हुए। अमेरिका में अब भी सबसे ज्यादा संक्रमित हैं। इसके बाद ब्रिटेन, फ्रांस, इटली और जर्मनी का नंबर है। पिछले हफ्ते कुल 44 हजार संक्रमितों की मौत हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *