छत्तीसगढ़ के बस्तर में अब कोरोना के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार को संभाग भर से कुल 283 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। कांकेर जिले में एक दी में ही सबसे ज्यादा 78 संक्रमित मरीज मिले हैं। कोरोना की तीसरी लहर में यह बस्तर संभाग का सबसे बड़ा आंकड़ा हैं। लगातार बढ़ रहे आंकड़ों को देख अब प्रशासन की चिंता भी बढ़ने लगी है। संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में कोरोना के नियमों का पालन नहीं करने वालों पर चालानी कार्रवाई की जा रही है।
इधर, दंतेवाड़ा जिले में एक दिन में ही 69 संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें एक शिक्षक समेत 7 स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। स्कूली बच्चों को कोरोना संक्रमित मिलने के बाद अब दंतेवाड़ा जिला प्रशासन प्राइमरी स्कूल को बंद करने का निर्णय लिया। कक्षा पहली से लेकर पांचवी तक आज से स्कूल बंद रहेगी। साथ ही जिले की सभी आंगनबाड़ी केंद्र को भी बंद कर दिया गया है। कलेक्टर दीपक सोनी ने मंगलवार को सूचना भी जारी की है। जिले में कोरोना टेस्टिंग भी बढ़ा दी गई है। साथ ही वैक्सीनेशन पर भी जोर दिया जा रहा है।
बस्तर जिले में कोरोना के बढ़ते आंकड़ों को देखते हुए प्रशासन ने सोमवार की रात जिले में नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है। मंगलवार को नाइट कर्फ्यू का पालन करवाने सड़कों पर जवानों की तैनाती रही। होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और बेकरी को 11 बजे तक खोलने की अनुमति है। जहां भी जवान आज मुस्तैद रहे और 11 बजते ही सभी को बंद करवाया गया। रात में सड़कों पर बेवजह घूमने वाले लोगों को समझाइश देकर घर जाने को कहा गया।