बिलासपुर में कोरोना संक्रमितों की संख्या घट रही है। पिछले चार दिनों से लगातार 300 से कम कोरोना पॉजिटिव मिल रहे हैं। बुधवार को 24 घंटे में 267 केस आए हैं, लेकिन, मौतों को आंकड़ा नहीं थम रहा है। इलाज के दौरान फिर एक मरीज ने दम तोड़ दिया। इधर, हाईकोर्ट और अस्पताल में संक्रमण कम नहीं हो रहा है। इसके साथ ही NTPC में कम्यूनिटी स्प्रेड की स्थिति बन गई है।
शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पहले की तुलना में अब कम मरीज मिल रहे हैं। 15 जनवरी को 436 नए मरीज मिले थे। इससे पहले भी चार-पांच दिनों तक यह आंकड़ा 400 के ऊपर रहा। अब 16 जनवरी से संक्रमितों की संख्या में गिरावट आई है। यह संख्या 300 से नीचे आ गई है। जिले के लिए राहत की खबर है। नए केस मिलने के बाद संक्रमितों की संख्या 70 हजार 884 पर पहुंच गई है। वहीं एक्टिव केस 2004 है।कोरोना संक्रमण से राहत की खबर यह भी है कि बुधवार को एक ही दिन में 6 मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं। इसके साथ ही 356 मरीज होम आइसोलशन से बाहर आ गए हैं। बताया जा रहा है कि वैक्सीन डोज के चलते इस बार कोरोना संक्रमण सामान्य मरीजों में ज्यादा दिन तक नहीं टिक पा रहा है।तेलीपारा में रहने वाले 76 वर्षीय वृद्ध को 15 जनवरी को तबीयत बिगड़ने पर CIMS में भर्ती कराया गया था। बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके साथ ही जनवरी में कोरोना से मरने वालों की संख्या 24 हो गई है। वहीं अब तक जिले में 1576 लोग कोरोना से जान गंवा चुके हैं।
सीपत स्थित NTPC में कोरोना के कम्यूनिटी स्प्रेड जैसी स्थिति बन गई है। बुधवार को यहां एक ही दिन में 14 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही यहां अब तक 55 से अधिक कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। नए कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने वालों की भी जांच कराई जाएगी। यहां लगातार मिल रहे संक्रमितों की संख्या को देखकर कालोनी में भी हड़कंप मच गया है।बुधवार को भी बोदरी स्थित हाईकोर्ट परिसर में एक साथ पांच कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। यहां लगातार कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। अब तक हाईकोर्ट में कोरोना संक्रमितों की संख्या 40 के पार हो चुकी है। अब नए पॉजिटिव के संपर्क में आने वालों की जांच कराई जाएगी।इधर कोरोना संक्रमण से अस्पताल स्टाफ भी नहीं बच पा रहे हैं। अपोलो अस्पताल व परिसर में लगातार नए मरीज मिल रहे हैं। बुधवार को यहां चार कोरोना संक्रमित मिले। इसके साथ ही कृष्णा अस्पताल और CIMS में स्टाफ के साथ ही CIMS गर्ल्स हॉस्टल में नए संक्रमित मरीज मिले हैं।