रायपुर में अब नाइट में कर्फ्यू नहीं, वैक्सीनेशन होगा:CG की राजधानी में दो पालियों में लगेगा टीका

रायपुर में अब नाइट में कर्फ्यू नहीं, वैक्सीनेशन होगा:CG की राजधानी में दो पालियों में लगेगा टीका

रायपुर शहर में लोगों को रात 10 बजे तक कोरोना का टीका लगाया जाएगा। इसकी शुरूआत हो चुकी है। अब यदि दिन में वक्त न मिले तो रात 10 बजे तक वैक्सीन सेंटर में जाकर टीका लगवाया जा सकता है। फिलहाल ये सुविधा रायपुर के शहीद स्मारक और पंडरी जिला अस्पताल में ही है।

शहीद स्मारक भवन और जिला अस्पताल पंडरी के सेंटर को इस नए टाइम टेबल में शामिल किया गया है। इन केन्द्रों में डे नाइट टीकाकरण दो पालियों में किया जाएगा। जिसमें पहली पाली सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक रहेगी।

शहीद स्मारक भवन के केन्द्र प्रभारी शरद ठाकुर ने बताया कि ऐसे कामकाजी नौकरीपेशा वर्ग के लोग जो देर तक अपने काम में व्यस्त रहते हैं और शाम 5 बजे तक टीका लगवाने नहीं आ पाते उन्हें इसका सीधा फायदा मिलेगा। जिला प्रशासन ने लोगों से टीका लगवाने या बची हुई डोज पूरी करने की अपील की है।

रायपुर से अब नाइट कर्फ्यू हटा लिया गया है। रायपुर कलेक्टर ने आदेश जारी कर ये भी कहा है कि रायपुर नगर निगम क्षेत्र में संचालित सभी होटल, रेस्टोरेंट, ढावा, बेकरी आईटम्स, फूड कोर्ट एवं अन्य खाद्य संबंधी प्रतिष्ठान/ फूड डिलीवरी रात 12 बजे तक संचालित किए जा सकेंगे।

छत्तीसगढ़ में अब तक 3 करोड़ टीके लगाए गए
छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 18 वर्ष से अधिक की 70 प्रतिशत आबादी को दोनों टीके लगाए जा चुके हैं। प्रदेश में अब तक (24 जनवरी तक) इस आयु वर्ग के एक करोड़ 37 लाख 16 हजार 317 लोगों को कोरोनारोधी टीके की दोनों खुराक दी जा चुकी है। राज्य में 18 वर्ष से अधिक के 99 प्रतिशत और 15 से 18 वर्ष की 57 प्रतिशत जनसंख्या को पहला टीका लग चुका है।

यहां 18 वर्ष से अधिक के एक करोड़ 94 लाख 50 हजार 785 नागरिकों और 15 से 18 वर्ष के नौ लाख 34 हजार 216 किशोरों को कोरोना वैक्सीन का पहला टीका लगाया जा चुका है। प्रदेश भर में अब तक कुल 3 करोड़ 42 लाख 82 हजार 550 टीके लगाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *