छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(GPM) जिले में इस बार अरपा महोत्सव 10 फरवरी को मना जाएगा। जिले की दूसरी वर्षगांठ पर इसका आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान गेड़ी दौड़, कबड्डी, डांस समेत कई प्रतियोगिताएं होंगी। कार्यक्रम के दिन विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, जिले के प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल शामिल होंगे। विधानसभा अध्यक्ष ही कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे और उनके हाथों ही कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा।
पिछले साल की तरह इस साल भी अरपा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस बार यह कार्यक्रम पेंड्रा के मल्टीपरपज स्कूल मैदान में आयोजित होगा। जिसके लिए तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। 10 फरवरी को यहां गेड़ी दौड़, कबड्डी और अन्य खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत डंडा नृत्य, बार नृत्य, बस्तरिया मोर संगवारी नृत्य का प्रदर्शन किया जाएगा।
अरपा महोत्सव कार्यक्रम में कोरबा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, बिलासपुर सांसद अरूण साव, मरवाही विधायक डॉ. के.के. ध्रुव, कोटा विधायक डॉ. रेणु जोगी, जिला पंचायत बिलासपुर अध्यक्ष अरूण सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग सदस्य अर्चना पोर्ते समेत तमाम नेता शामिल होगे। पिछले साल ये कार्यक्रम 09 और 10 फरवरी को आयोजित किया गया था।