हुंडई की गलती पर द. कोरिया ने माफी मांगी:कोरियाई विदेश मंत्री ने जयशंकर को फोन कर खेद जताया

हुंडई की गलती पर द. कोरिया ने माफी मांगी:कोरियाई विदेश मंत्री ने जयशंकर को फोन कर खेद जताया

कश्मीर पर साउथ कोरियन कंपनी हुंडई के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर साउथ कोरिया के विदेश मंत्री चुंग यूई-योंग ने मंगलवार को फोन पर भारत से माफी मांग ली है। विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। उधर, साउथ कोरिया की राजधानी सियोल में भारत के राजदूत ने भी हुंडई मुख्यालय से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा है।

इस बीच, यह विवाद अब और भी बड़ा हो गया है। अब इसकी जद में KFC, DOMINOS, पिज्जा हट, ओसाका बैटरी, आईसुजु डी-मैक्स, बॉश फार्मास्यूटिकल्स, एटलस होंडा लिमिटेड और किआ मोटर्स भी आ गई हैं। सोशल मीडिया पर इन सभी कंपनियों के पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल से भी 5 फरवरी को कश्मीर सॉलिडेरिटी डे पर किए गए पोस्ट वायरल हो रहे हैं। इसके बाद इनके भी बायकॉट की मांग शुरू हो गई है। इन कंपनियों ने भी अब माफी मांगनी शुरू कर दी है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि कश्मीर सॉलिडेरिटी डे के मौके पर हुंडई पाकिस्तान के पोस्ट की जानकारी मिलने के तुरंत बाद सियोल में हमारे राजदूत ने हुंडई मुख्यालय से संपर्क किया और इस विषय पर स्पष्टीकरण मांगा। बागची ने बताया कि इस पोस्ट को कुछ ही देर बाद हटा लिया गया था, लेकिन तब तक ये सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था।

उन्होंने बताया, भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस मुद्दे पर कोरियाई राजदूत को 7 फरवरी को तलब किया गया था। उन्हें हुंडई पाकिस्तान की सोशल मीडिया पोस्ट पर भारत की कड़ी नाराजगी की जानकारी दी गई। साथ ही कंपनी से इस मुददे पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई थी, जिससे यह एक मिसाल बन सके।बागची ने बताया कि इसके बाद कोरिया गणराज्य के विदेश मंत्री चुंग यूई-योंग ने आज सुबह विदेश मंत्री जयशंकर को फोन किया। इस दौरान दोनों के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस बातचीत के दौरान कोरियाई विदेश मंत्री ने कहा कि कंपनी की पाकिस्तान इकाई की ओर से की गई पोस्ट के लिए हमें खेद है और हमें दुख है कि लोगों की भावनाएं आहत हुईं।इससे पहले Hyundai Motors की इंडिया यूनिट ने भी एक बयान जारी कर इस मामले पर दुख जताया था और माफी मांगी थी। कंपनी ने साफ तौर पर कहा कि वह राजनीतिक या धार्मिक मुद्दों पर टिप्पणी नहीं करता है। बता दें कि भारत विभिन्न क्षेत्रों में विदेशी कंपनियों में निवेश करता है। साथ ही यह उम्मीद भी करता है कि कंपनियां या उनके सहयोगी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के मामलों पर झूठी और भ्रामक टिप्पणियों से परहेज करेंगे।

ट्वीट करने वाली कंपनियों में से हुंडई के बाद दूसरी कंपनियों ने भी माफी मांगनी शुरू कर दी है। पहले KFC और अब DOMINOS ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर माफी मांगी है। KFC ने लिखा- देश के बाहर KFC के कुछ सोशल मीडिया चैनल्स से किए गए पोस्ट के लिए हम माफी मांगते हैं। हम भारत का सम्मान करते हैं और गर्व के साथ सभी भारतीयों की सेवा करने की अपनी प्रतिबद्धता पर कायम हैं।

Dominos ने लिखा- यह (भारत) वो देश है, जिसे हम 25 साल से अपना दूसरा घर मानते रहे हैं और हम इसकी विरासत की रक्षा के लिए हमेशा खड़े रहे हैं। हमें इस देश ने जो कुछ भी दिया है, हम उसका सम्मान करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *