NIA की जोधपुर सहित देश के 7 शहरों में रेड:

NIA की जोधपुर सहित देश के 7 शहरों में रेड:

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने शनिवार को जम्मू कश्मीर और दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की साजिश रचने के मामले में देशभर में 7 जगहों पर दबिश दी। NIA ने जोधपुर में दबिश देकर बरकत अली नाम के शख्स से सुबह 5 घंटे पूछताछ की। वहीं इंटेलिजेंस ब्यूरो के ऑफिस में IB और NIA के अधिकारियों ने उससे पूछताछ की। टीम ने जोधपुर के अलावा जम्मू कश्मीर को सोपोर, कुपवाड़ा, सोफिया, राजौरी, बडगाम व गंदेरबल में कुछ स्थान पर दबिश दी।

NIA की एक टीम ने सुबह जोधपुर के रातानाड़ा क्षेत्र में बरकत अली के मकान पर दबिश दी, उससे करीब 5 घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद टीम वहां से रवाना हो गई। इसके बाद बरकत अली को पूछताछ के लिए आईबी के ऑफिस में बुलाया गया। यहां दोनों टीमों ने उससे संयुक्त रूप से पूछताछ की। फिर बरकत अली को उसके घर ले जाया गया। हालांकि इस दौरान उसकी बाइक आईबी कार्यालय के बाहर खड़ी रही। माना जा रहा है कि NIA अगले कुछ दिन में बरकत अली को दिल्ली बुलाकर नए सिरे से पूछताछ कर सकती है।

5 घंटे की पूछताछ के बाद NIA की टीम निकल गई थी। इसके बाद बरकत ने मीडिया से भी बातचीत की। बरकत का दावा था कि मैं पत्रकारिता के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ काम करता हूं। कई ऑपरेशन में शामिल रहा हूं। देश में आतंकवाद बढ़ रहा है, NIA की टीम ने मुझ से जानकारी ली। मुझे कहा कि जरूरत पड़ी तो आपसे फिर बात करेंगे। पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया जैसे कई समूह माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। मुझे भी लंबे समय से धमकी दी जा रही है। एक बंदा लोगों को बरगला रहा था। मैंने उसके खिलाफ खबर छापी। इसके बाद मुझे पता लगा कि कई लोग उससे जुड़े हैं। मैंने भी जानकारी जुटाई है। इसी को लेकर धमकी दी गई।बरकत ने बताया कि धमकी मिलने के बाद NIA की टीम ने पूछताछ की थी। उन्होंने दावा किया है कि मैंने इस संबंध में पहले भी सरकार को कुछ इनपुट शेयर किए थे। बरकत ने बताया कि करीब 7 से 8 लोगों की टीम थी। इनमें दो आईपीएस भी थे।

एनआईए की तरफ से बताया गया कि कश्मीर घाटी सहित दिल्ली में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने से यह दबिश जुड़ी है। इस मामले में एनआईए अब तक 28 लोगों को पकड़ चुकी है। साजिश में लश्करे- तैयबा, जैश ए मोहम्मद, हिजबुल मुजाहिदीन, अलबद्र सहित इनसे जुड़े कुछ संगठनों के तार जुड़े हैं। एनआईए की टीमों ने इन लोगों के पास से आतंकी हमलों की साजिश से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *