यूक्रेन से जंग पर US का नया दावा:रूस जिन्हें मारेगा उनकी लिस्ट पहले से तैयार

यूक्रेन से जंग पर US का नया दावा:रूस जिन्हें मारेगा उनकी लिस्ट पहले से तैयार

यूक्रेन और रूस के बीच हालात बिगड़ते ​​​​​जा रहे हैं। पूर्वी यूक्रेन के लुहांस्क और डोनेस्टक में रूसी अलगाववादियों और यूक्रेनी सेना के बीच लगातार झड़पों की खबरें सामने आ रही हैं। रविवार देर रात तक विद्रेहियों ने यूक्रेनी सेना के 16 ठिकानों पर भारी बमबारी की थी। सोमवार को मॉस्को ने कहा कि यूक्रेन के सैनिकों ने सीमा पर रूसी सैन्य ठिकाने को तबाह कर दिया है। सेना के बयान में कहा गया, 21 फरवरी को, सुबह यूक्रेन से दागे गए एक गोले ने रूसी-यूक्रेनी सीमा से लगभग 150 मीटर की दूरी पर स्थित रोस्तोव क्षेत्र में बने FSB बॉर्डर गार्ड सर्विस के ठिकाने को पूरी तरह से तबाह कर दिया। हालांकि यूक्रेन ने रूसी सैन्य ठिकाने को तबाह करने से इनकार किया है।

इसी बीच अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र को एक पत्र भेजा है। इस पत्र में अमेरिका ने दावा किया है कि रूस जंग के दौरान यूक्रेन में कुछ चुनिंदा लोगों को मार देगा। कुछ लोगों को शिविरों में भेजा जाएगा। इन सब के नामों की लिस्ट तैयार कर ली गई है, यानी यह एक टारगेट किलिंग होगी। इससे पहले NATO ने भी ऐसी ही आशंका जाहिर की थी। पत्र में यह भी दावा है कि रूसी सेना शांतिपूर्ण विरोध को खत्म करने के लिए घातक उपाय करेगी।जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत बाथशेबा नेल क्रोकर ने कहा- यदि रूस, यूक्रेन पर हमला करता है और उस पर कब्जा करता है तो यूक्रेनी लोगों पर अत्याचार का पहाड़ टूट सकता है। उन्हें किडनैप या टॉर्चर किया जा सकता है। यहां रूस की अगुआई में बनी सरकार नाखुश लोगों, धार्मिक और जातीय अल्पसंख्यकों को निशाना बना सकती है।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन यूक्रेन संकट को टालने के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने को तैयार हो गए हैं। हालांकि, मुलाकात से पहले बाइडेन पुतिन से यूक्रेन पर हमला न करने का वादा चाहते हैं। अगर सब कुछ सही रहता है तो इस हफ्ते के आखिर में दोनों मिल सकते हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया, इस मीटिंग का वक्त और मुद्दे अभी तय नहीं हैं। वहीं, एक अन्य अधिकारी ने इस तरह की संभावना को पूरी तरह से खारिज कर दिया। व्हाइट हाउस ने बयान जारी करते हुए इस बात की भी जानकारी दी की राष्ट्रपति बाइडेन रूस और यूक्रेन की स्थिति की चर्चा G7 नेताओं के साथ करेंगे।यूक्रेन के साथ जारी तनाव के बीच रूस के लिए परेशान करने वाली खबर सामने आई है। रूस स्थित अमेरिकन एम्बेसी ने मॉस्को, सेंट पीटर्सबर्ग समेत कई शहरों पर हमले की चेतावनी जारी की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूक्रेन के साथ जारी तनाव के बीच रूस के कई शहरों में शॉपिंग सेंटर, रेलवे और मेट्रो स्टेशनों और पब्लिक प्लेस पर हमला हो सकता है। अमेरिकी एम्बेसी के प्रवक्ता जेसन रेभोल्ज ने सोशल मीडिया पर प्रेस रिलीज जारी करते हुए लिखा, “रूस के लिए अमेरिकी मिशन की ओर से इंपॉर्टेंट सिक्योरिटी अलर्ट।”अमेरिकन एम्बेसी ने अलर्ट में कहा- भीड़ भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें, अपनी सिक्योरिटी के बारे में दोस्तों और परिवार से जानकारी साझा करें। टूरिस्ट प्लेसेस पर सतर्क रहें और रूस से बाहर निकलने का प्लान तैयार रखें। इसके साथ ही एम्बेसी ने अमेरिकी नागरिकों से असली पहचान पत्र साथ रखने की अपील की है, जिसमें रूसी वीजा और अमेरिकन पासपोर्ट शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *