सस्पेंड ADG जीपी सिंह की जमानत पर सुनवाई आज:

सस्पेंड ADG जीपी सिंह की जमानत पर सुनवाई आज:

भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के केस में गिरफ्तार सस्पेंड एडीजी और IPS जीपी सिंह की जमानत याचिका पर शुक्रवार दोपहर को सुनवाई होगी। इससे पहले ही उनके वकील ने उन्हें राजनीतिक षडयंत्र के तहत फंसाने और जमानत न देने के लिए केस डायरी को बहाना बनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि केस डायरी मंगाने के बाद जीपी सिंह की तरफ से चार बार मामले को मेंशन किया जा चुका है। लेकिन, हर बार सरकार की तरफ से बहाना बनाया जा रहा है। इससे राजनीतिक षडयंत्र जाहिर हो रहा है।

EOW की टीम ने जीपी सिंह को 11 जनवरी को नोएडा से गिरफ्तार किया था। फिर उन्हें EOW की विशेष अदालत में पेश कर 7 दिन के लिए पुलिस रिमांड पर रखा गया था। इस दौरान पूछताछ के बाद 18 जनवरी को उन्हें कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। कोर्ट ने उनके जमानत आवेदन को खारिज कर दिया था। इसके बाद उनके वकील आशुतोष पांडेय ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका प्रस्तुत की है।

पिछली सुनवाई के दौरान जस्टिस दीपक तिवारी की सिंगल बेंच ने राज्य शासन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा और मामले की केस डायरी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि इस बीच जीपी सिंह के वकील चार बार कोर्ट में जमानत प्रकरण को मेंशन कर चुके हैं। लेकिन, हर बार मामले को टालने की कोशिश की जा रही है। इस बार केस डायरी को बहाना बनाने की आशंका जताई है।जीपी सिंह के वकील का कहना है कि EOW ने आय से अधिक संपत्ति का मामला बनाया है, उसमें उन्हें अपनी संपत्ति का ब्योरा प्रस्तुत करने के लिए मौका नहीं दिया गया है, जो संविधान की अनुच्छेद 14 का उल्लंघन है। संवैधानिक अधिकार के तहत अब उन्हें अपनी संपत्ति का ब्योरा देने के लिए जेल से बाहर आना आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस रिमांड में जीपी सिंह से 200 से अधिक सवाल पूछे गए, जिसका उन्होंने जवाब दे दिया है। इस बीच दो बार उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। अब उन्हें जेल में करीब 40 दिन हो गया है। ऐसे में शासन की तरफ से कोई सवाल नहीं किया गया है। उन्होंने अपने मुवक्किल को जबरिया जेल में रखने पर सवाल उठाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *