यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद दुनिया भर के देशों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने रूस पर और ज्यादा प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया है। जो बाइडेन ने रूस को धमकी देते हुए कहा है कि उसे यूक्रेन पर हमले की गंभीर कीमत चुकानी होगी। वहीं, ब्रिटिश PM ने संसद को संबोधित करते हुए कहा, पुतिन ने अपने हाथ यूक्रेन के मासूम लोगों के खून से रंग लिए हैं, यह दाग कभी साफ नहीं किए जा सकेंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने व्हाइट हाउस के संबोधन में कहा- व्लादिमीर पुतिन से बातचीत का कोई इरादा नहीं है। रूस के राष्ट्रपति ने युद्ध को चुना है और अब वह इसका परिणाम भुगतेंगे। हम G-7 देश मिलकर रूस को जवाब देंगे। VTB सहित रूस के 4 और बैंकों पर प्रतिबंध लगाए जाएंगे। इन बैंकों के तमाम एसेट्स फ्रीज कर दिए गए हैं। इसके साथ ही रूस के आधे से ज्यादा हाई टेक इंपोर्ट पर रोक लगा दी जाएगी।
जो बाइडेन ने रूसी पहले को पूर्व नियोजित हमला बताते हुए कहा- NATO के सभी देशों को हमारा समर्थन जारी रहेगा। यह हम सभी के लिए संकट का समय है। पुतिन सोवियत संघ को फिर से जिंदा करना चाहते हैं, लेकिन उनकी यह महत्वकांक्षा वर्तमान हालातों के एक दम उलट है। हालांकि, बाइडेन साफ कर चुके हैं कि NATO सेना यूक्रेन नहीं जाएंगी।ब्रिटिश प्राइम मिनिस्टर बोरिस जॉनसन ने गुरुवार देर रात रूस-यूक्रेन युद्ध के मसले पर संसद को संबोधित किया। जॉनसन ने पुतिन को आड़े हाथ लेते हुए कहा- उन्होंने घरेलू नाकामी छिपाने के लिए जंग शुरू की है। पुतिन ने अपने हाथ यूक्रेन के मासूम लोगों के खून से रंग लिए हैं, यह दाग कभी साफ नहीं किए जा सकेंगे। हमने रूस के सभी बैंकों को अपने फाइनेंशियल सिस्टम से बाहर कर दिया है। अब रूस को हमले के नतीजे पता लगेंगे।बोरिस जॉनसन ने गुरुवार को रूसी बैंकों, कंपनियों और एलिट क्लास पर और ज्यादा प्रतिबंध लगाने, ब्रिटिश टेक्नोलॉजी के रूस में इंपोर्ट के नियमों को और सख्त करने और रूसी एयरलाइन ‘एयरोफ्लॉट’ पर प्रतिबंध लगाने का वादा किया। ब्रिटिश सरकार सभी प्रमुख रूसी बैंकों की संपत्ति को फ्रीज करने और उन्हें लंदन के फाइनेंशियल मार्केट से बाहर करने के लिए नियम लाएगी। इसके साथ ही रूसी बैंक VTB के खिलाफ तत्काल एक्शन लिया जाएगा।