रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को भारी गिरावट देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,491.06 (2.74%) गिरकर 52,842.75 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 382.20 (2.35%) की गिरावट के साथ 15,863.15 पर पहुंच गया।
बाजार में गिरावट से निवेशकों के 5.68 लाख करोड़ रुपए डूब गए। BSE की लिस्टेड फर्म का मार्केट कैप शुक्रवार को 246.79 लाख करोड़ था जो सोमवार को घटकर 241.10 लाख करोड़ हो गया।
अमेरिका और यूरोप रूसी तेल आयात पर प्रतिबंध लगा सकते हैं। इससे ग्लोबल इन्फ्लेशन का खतरा पैदा हो गया है। इस खबरों के बाद यूरोपीय बाजारों में भी भारी गिरावट देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में यूरोप का स्टोक्स 600 इंडेक्स (STOXX Europe 600) 3.6% गिर गया। बैंकिंग इंडेक्स में करीब 7.6% की गिरावट आई, जबकि ऑयल और गैस में 2.3% की बढ़त देखने को मिली।
एशियन मार्केट निक्केई में 3%, कोस्पी में 2.3%, हैंग सेंग में 4%, शंघाई कंपोजिट में 2% की गिरावट रही। इससे पहले वॉल स्ट्रीट पर भी शुक्रवार को गिरावट देखने को मिली थी। डाउ जोन्स 179.86 (0.53%) गिरकर 33,614.80 पर बंद हुआ था। S&P 500 में भी 34.62 (0.79%) की गिरावट रही थी। यह 4,328.87 पर बंद हुआ था। अमेरिकी बाजारों में आज भी भारी गिरावट देखने को मिल सकती है।
सेंसेक्स 1161 पॉइंट की गिरावट के साथ 53,172.51 पर खुला था। इंट्रा-डे ट्रेड में ये करीब 2000 पॉइंट गिरकर 52,367 के निचले स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, भारती एयरटेल, HCL टेक, इंफोसिस, ITC और टाटा स्टील में खरीदारी के कारण इसमें मामूली सुधार हुआ और यह 1,491 अंक या 2.74% की गिरावट के साथ 52,843 पर बंद हुआ।
निफ्टी 50 इंडेक्स 382 अंक या 2.35% की गिरावट के साथ 15,863 पर बंद होने से पहले 15,711 का इंट्रा-डे लो बनाया। दोनों सूचकांक अब पिछले साल अक्टूबर में अपने रिकॉर्ड उच्च शिखर से 15% नीचे हैं।
बीएसई का स्मॉल कैप इंडेक्स 605.54 (2.30%) की गिरावट के साथ 25,681.12 पर पहुंच गया। मिडकैप इंडेक्स की बात करें तो ये भी 509.64 (2.25%) की गिरावट के साथ 22,108.94 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी के 11 में से 10 सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट में बंद हुए।
अकेला मेटल इंडेक्स 2.10% की बढ़त के साथ बंद हुआ। सबसे ज्यादा 5.47% की गिरावट रियल्टी इंडेक्स में रही। सरकारी और प्राइवेट बैंक भी 4.5% से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुए। ऑटो इंडेक्स में 4.21% की गिरावट रही।