भारत vs श्रीलंका दूसरा टेस्ट:

भारत vs श्रीलंका दूसरा टेस्ट:

भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट का पहला दिन गेंदबाजों के नाम रहा। डे-नाइट टेस्ट के पहले ही दिन कुल 16 विकेट गिरे। भारतीय टीम टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए 252 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रेयस अय्यर (92) टॉप स्कोरर रहे। ऋषभ पंत ने 39 और हनुमा विहारी ने 31 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से लेफ्ट आर्म स्पिनर लसिथ एम्बुलडेनिया और प्रवीण जयविक्रमा ने 3-3 विकेट लिए।

जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने 6 विकेट खोकर 86 रन बना लिए हैं। लसिथ एम्बुलडेनिया 0 और निरोशन डिकवेला 13 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। जसप्रीत बुमराह ने 3 और मोहम्मद शमी ने 2 विकेट चटकाए। वहीं, अक्षर पटेल ने 1 विकेट ले चुके हैं। मेहमान टीम अभी भी भारत से 166 रन पीछे हैं।

भारत को पहली दो सफलता उप-कप्तान जसप्रीत बुमराह ने दिलाई। उन्होंने तीसरे ओवर में श्रीलंकाई ओपनर कुसल मेंडिस (2) को आउट किया और अपने अगली ही ओवर में लाहिरु थिरिमाने (8) का विकेट चटकाया। दोनों खिलाड़ियों के कैच श्रेयस अय्यर ने पकड़े। श्रीलंका को तीसरा झटका मोहम्मद शमी ने कप्तान दिमुथ करुणारत्ने (4) को आउट कर पहुंचाया। करुणारत्ने को शमी ने अपने स्पैल की पहली ही गेंद पर बोल्ड किया।

धनंजया डी सिल्वा 10 रन बनाकर शमी की गेंद पर LBW आउट हुए। ये सफलता भारत को DRS पर मिली। दरअसल, अंपायर ने डी सिल्वा को नॉट-आउट दिया था। जिसके बाद पंत के बहुत समझाने पर कप्तान रोहित ने रिव्यू लिया। शमी की गेंद ऑफ स्टंप के करीब गिरने के बाद काफी तेजी से अंदर आई थी। रीप्ले में दिखा कि गेंद बल्ले का किनारा लिए बिना मिडिल और लेग स्टंप के टॉप पर लगी थी।

अक्षर पटेल ने चरिथ असलंका (5) को आउट कर श्रीलंका को 5वां झटका पहुंचाया। एंजेलो मैथ्यूज (43) रन बनाकर बुमराह की गेंद पर आउट हुए। उनका कैच रोहित शर्मा ने पकड़ा।श्रेयस अय्यर 98 गेंदों पर 92 रन बनाकर प्रवीण जयविक्रमा की गेंद पर स्टंप आउट हुए। अय्यर जब बल्लेबाजी के आए थे, उस समय भारत का स्कोर 86/4 था। इसके बाद अपने चौथा टेस्ट मैच खेल रहे अय्यर ने न सिर्फ एक छोर को संभाले रखा बल्कि तेजी से रन भी बनाते रहे। हालांकि वह अपने करियर का दूसरा शतक पूरा नहीं कर सके।भारत ने पहले दो विकेट 29 के स्कोर पर गंवा दिए थे। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए हनुमा विहारी और विराट कोहली ने 102 गेंदों पर 47 रन जोड़कर पारी को संभालने का काम किया। नजरें जमा चुके विहारी 81 गेंदों पर 31 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट प्रवीण जयविक्रमा के खाते में आया। विहारी के विकेट के बाद अगले ही ओवर में कोहली भी 48 गेंदों पर 23 रन बनाकर धनंजया डी सिल्वा की गेंद पर LBW आउट हो गए।

दोनों टीमें-
IND:
 मयंक अग्रवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), हनुमा विहारी, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह

SL: दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), लाहिरु थिरिमाने, कुसल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, धनंजया डी सिल्वा, चरिथ असलंका, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), सुरंगा लकमल, लसिथ एम्बुलडेनिया, विश्व फर्नांडो, प्रवीण जयविक्रमा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *