पांच राज्यों में कांग्रेस को मिली करारी हार पर मंथन के लिए कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक खत्म हो गई है। बैठक में तय हुआ है कि सोनिया गांधी कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष बनी रहेंगी। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बताया कि CWC की बैठक में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका गांधी के साथ पदों से इस्तीफा देने को तैयार थीं। लेकिन बैठक में मौजूद पार्टी के सभी नेताओं ने इससे इनकार कर दिया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने प्रेस कॉन्फ्रेस में कहा कि बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने सोनिया गांधी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। सुरजेवाला ने कहा कि पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव समेत अगले सभी विधानसभा चुनाव में चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सोनिया गांधी के नेतृत्व पर सभी को भरोसा है। वह पार्टी का नेतृत्व करती रहेंगी। बैठक में पार्टी को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई। वहीं, CWC की बैठक में गुलाम नबी आजाद, दिग्विजय सिंह समेत वरिष्ठ नेताओं ने दिए सुझाव दिए कि चुनाव में कहां गलती हुई इसपर मंथन करना जरूरी है।
बैठक से पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया से कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी की कमान संभाले। उन्होंने कहा कि हार से घबराने की जरूरत नहीं है। भाजपा चुनाव के समय में हिंदु-मुस्लिम करती है और बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दों को पीछे कर देती है।कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के दौरान कांग्रेस हेडक्वाटर्स के बाहर कार्यकर्ता जमा हुए और उन्होंने राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर नारेबाजी की। इसके साथ ही उन्होंने प्रियंका गांधी के समर्थन में भी नारे लगाए।इससे पहले, पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने पार्टी की लीडरशिप में बदलाव की खबरों को खारिज कर दिया है। उन्होंने एक ट्वीट करके कहा- ‘कथित इस्तीफे की खबर पूरी तरह से अनुचित, शरारती और गलत है। एक टीवी चैनल भाजपा के कहने पर काल्पनिक स्रोतों के आधार पर कहानियां पेश कर रहा है।’
सभी की निगाहें पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका पर हैं। बैठक में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के वे सभी सदस्य भी मौजूद हैं, जिनकी पांच राज्यों के चुनावों में प्रत्याशी चुनने से लेकर चुनाव मैनेजमेंट तक में प्रमुख भूमिका रही। कांग्रेस नेतृत्व से असंतुष्ट नेताओं के समूह जी-23 के सदस्य गुलाम नबी आजाद और आनंद शर्मा भी CWC के सदस्य हैं।