रूस-यूक्रेन जंग का आज 18वां दिन है। हालात बेहद खराब होते जा रहे हैं। यूक्रेनी पुलिस के मुताबिक, रूसी सेना ने राजधानी कीव के पास इरपिन शहर में एक अमेरिकी पत्रकार को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। जर्नलिस्ट का नाम ब्रेंट रेनॉड था, वो एक अवॉर्ड विनिंग फिल्ममेकर भी थे। उन्होंने NBC और न्यूयॉर्क टाइम्स सहित कई अमेरिकी मीडिया संस्थानों में सेवाएं दी थीं।
रेनॉड का साथी पत्रकार जुआन अर्रेडोंडो घायल है। रेनॉड के पास से अमेरिकी पासपोर्ट और न्यूयॉर्क टाइम्स का एक आउडेटेड पहचान पत्र मिला। 51 साल के रेनॉड को गर्दन में गोली मारी गई थी।
रविवार को यूक्रेन के पश्चिमी इलाके में लीव शहर के पास मौजूद एक मिलिट्री बेस पर रूस ने क्रूज मिसाइलें दागीं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दागी गई मिसाइलों की संख्या 30 से ज्यादा थी। इस हमले में अब तक 35 लोगों की मौत हुई है। 57 लोग घायल हैं।इस युद्ध के कारण मची भगदड़ से कोरोना महामारी की नई लहर शुरू होने की चेतावनी मेडिकल एक्सपर्ट्स ने दी है। इस नई लहर की चपेट में भारत समेत समूची दुनिया के आने की आशंका है, क्योंकि यूक्रेन से बड़े पैमाने पर इमरजेंसी हालात में लोगों को बिना कोविड टेस्ट के निकाला गया है या फिर उन्होंने भागकर दूसरे देशों में शरण ली है।अमेरिकी टेक कंपनी गूगल ने अपने यूक्रेनियन यूजर्स के लिए एक नई सुविधा शुरू की है। मौजूदा रूस-यूक्रेन संकट को ध्यान में रखकर गूगल ने यूक्रेन में काम कर रहे एंड्रॉयड फोन्स में एयर रेड अलर्ट फीचर चालू किया है। GSM एरिना की रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर गूगल प्ले सर्विसेज के तहत काम करेगा। गूगल ने इस सुविधा को यूक्रेन की सरकार के आग्रह पर चालू किया है। कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट (इंजीनियरिंग) के मुताबिक, गूगल इसके लिए उसी लो-लेटेंसी सिस्टम का यूज करेगा, जिसका यूज पहले से वह भूकंप की चेतावनी देने के लिए कर रहा है।