24 फरवरी को शुरू हुई रूस-यूक्रेन जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। जंग के 24 वें दिन रूस ने यूक्रेन पर ‘किन्झॉल’ हाइपरसॉनिक मिसाइल दागने का दावा किया है। रूस का कहना है कि उसने इस मिसाइल से यूक्रेन के पश्चिमी इलाके में बने हथियार डिपो को तबाह कर दिया। किन्झॉल रूसी भाषा का शब्द है, जिसका मतलब खंजर होता है।रूस की डिफेंस मिनिस्ट्री ने कहा- हाइपरसॉनिक एरोबैलिस्टिक मिसाइलों के साथ किन्झॉल एविएशन मिसाइल सिस्टम ने इवानो-फ्रैंकिवस्क इलाके के डेलियाटिन गांव में मिसाइलों और गोला बारूद वाले एक बड़े अंडरग्राउड डिपो को तबाह कर दिया।इसी बीच अमेरिका ने चेतावनी दी है कि रूस यूक्रेन में परमाणु हमला भी कर सकता है। 2018 में रूसी सेना में शामिल की गई इस मिसाइल पर परमाणु और कन्वेंशनल दोनों तरह के हथियार ले जा सकते हैं। यह मिसाइल 4900 से 12,350 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वार कर सकती है।
युद्ध के बीच इस मसले को हल करने के लिए डिप्लोमैटिक रास्ते भी खोजे जा रहे हैं। इसी क्रम में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से फोन पर बातचीत की। इस दौरान पुतिन ने यूक्रेन पर वॉर क्राइम का आरोप लगाया। पुतिन ने कहा कि रूस, यूक्रेन में आम नागरिकों को मौत से बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। इसके लिए ह्यूमैनिटेरियन कॉरिडोर बनाने जैसे प्रयास भी शामिल हैं।