पंजाब में नए चुने गए 10 मंत्रियों को आज विभाग मिल सकते हैं। इसको लेकर CM भगवंत मान और पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के बीच चर्चा होगी। अरविंद केजरीवाल आज विधायकों से भी बात कर रहे हैं। उसके बाद इसका ब्यौरा जारी किया जा सकता है। इतना तय है कि पंजाब में गृह यानी पुलिस, विजिलेंस, माइनिंग, कृषि जैसे बड़े विभाग मुख्यमंत्री के पास ही रहेंगे।सूत्रों के मुताबिक मान सरकार में सबसे बड़े दलित चेहरे हरपाल चीमा को लोकल गवर्नमेंट दी जा सकती है। उन्होंने कल पहले नंबर पर मंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा होशियारपुर से मंत्री बनाए ब्रह्मशंकर जिंपा को इंडस्ट्री विभाग मिल सकता है। आप सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती शिक्षा और सेहत विभाग है। आम आदमी पार्टी इन्हीं 2 बड़े मुद्दों को सुलझाने के वादे को लेकर सत्ता में आई है। शिक्षा को लेकर मान सरकार केजरीवाल के करीबी हरजोत बैंस को जिम्मेदारी दी जा सकती है। सेहत के लिए मानसा के डॉ. विजय सिंगला का नाम चर्चा में है।पंजाब में मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री बन सकते हैं। इनमें भगवंत मान सीएम बन चुके हैं। इसके अलावा 10 मंत्रियों ने कल शपथ ले ली। हालांकि अब 7 मंत्रियों की जगह बची है। यह पद आप सरकार कब भरती है, इसको लेकर सबकी नजर है।