बंगाल हिंसा में 20 की गिरफ्तारी:भाजपा ने बीरभूम हिंसा को नरसंहार बताया

बंगाल हिंसा में 20 की गिरफ्तारी:भाजपा ने बीरभूम हिंसा को नरसंहार बताया

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता भादू शेख की हत्या के बाद भड़की हिंसा में 2 बच्चों सहित 10 लोगों की मौत हो गई थी। जिस बागतुई गांव में आगजनी हुई, वहां लोग दहशत में गांव छोड़कर जा रहे हैं। बीरभूम हिंसा में अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

कोलकाता हाईकोर्ट ने इस मामले पर खुद हस्तक्षेप किया है। चीफ जस्टिस की खंडपीठ ने गुरुवार दोपहर 2 बजे तक राज्य सरकार से रामपुरहाट हिंसा पर रिपोर्ट मांगी है। साथ ही हाईकोर्ट ने जिला जज की मौजूदगी में CCTV कैमरे लगाने और घटना स्थल की 24 घंटे निगरानी करने का निर्देश दिया है।

कोर्ट ने ये आदेश भी दिए कि CFSL दिल्ली टीम तुरंत घटना स्थल पर जाकर जांच के लिए सुबूत इकट्‌ठा करे। हिंसा के चश्मदीदों को जिला जज के निर्देश के साथ डीजी और आईजीपी तत्काल सुरक्षा दी जाए।

बीरभूम हिंसा के मामले में सीएम ममता बनर्जी ने भाजपा को आड़े हाथों लिया है। ममता ने कहा- सरकार हमारी है, हमें अपने लोगों की चिंता है। हम कभी नहीं चाहेंगे कि किसी को तकलीफ हो। बीरभूम, रामपुरहाट की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने ओसी, एसडीपीओ को तत्काल बर्खास्त कर दिया है। मैं कल रामपुरहाट जाऊंगी।

ममता बनर्जी ने कहा कि मैं रामपुरहाट की घटना को सही नहीं ठहरा रही हूं लेकिन गुजरात और राजस्थान में भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। हम निष्पक्ष कार्रवाई करेंगे। यह बंगाल है, उत्तर प्रदेश नहीं। मैंने तृणमूल कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल हाथरस भेजा था लेकिन हमें जाने नहीं दिया गया। लेकिन हम किसी को यहां आने से नहीं रोक रहे हैं।

इस मामले की जांच के लिए सीएम ममता बनर्जी ने CID के एडीशनल डायरेक्टर ज्ञानवंत सिंह की अध्यक्षता में SIT का गठन किया है जो मामले की जांच के लिए बीरभूम के रामपुरहाट पहुंच चुकी है।

बीरभूम जिले में भड़की हिंसा के बाद गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल सरकार से आम लोगों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने के लिए कहा है। मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि बीरभूम की घटना को लेकर बंगाल के BJP अध्यक्ष सुकांतो मजूमदार के नेतृत्व में भाजपा सांसदों ने मुलाकात की है। गृह मंत्री अमित शाह पूरे मामले को खुद देख रहे हैं। गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से इस पर रिपोर्ट तलब की है। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने पुलिस अधीक्षक बीरभूम और डीजीपी पश्चिम बंगाल को नोटिस जारी कर जानकारी मांगी है।पीएम मोदी ने बंगाल के बीरभूम में हुई हिंसा पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मैं आशा करता हूं कि राज्य सरकार बंगाल की महान धरती पर ऐसा जघन्य पाप करने वालों को जरूर सजा दिलवाएगी। पीएम ने कहा कि अपराधियों को सजा दिलाने के लिए केंद्र सरकार, राज्य को हर मदद देने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *