भिलाई निगम इस बार भी नहीं बढ़ाएगा टैक्स:महापौर परिषद ने लिया निर्णय

भिलाई निगम इस बार भी नहीं बढ़ाएगा टैक्स:महापौर परिषद ने लिया निर्णय

भिलाई नगर निगम के मेयर नीरज पाल ने अपने बजट और आमसभा की बैठक से पहले भिलाई वासियों को बड़ा तोहफा दिया है। वह तोहफा है टैक्स न बढ़ाने का। बुधवार शाम महापौर परिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में महापौर ने कई एजेंडों पर चर्चा की और अपना फैसला सुनाया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में निगम टैक्स को नहीं बढ़ाएगा। इस निर्णय से करदाताओं को अतिरिक्त बोझ का सामना नहीं करना पड़ेगा।

महापौर नीरज पाल ने कहा कि वर्ष 2021-22 की तरह वर्ष 2022-23 में भी टैक्स के दर यथावत रहेंगे। पिछले विगत 2-3 वर्षों से कोविड के चलते आम लोगों को विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है। इसलिए आने वाले वित्तीय वर्ष में उनके ऊपर अतिरिक्त टैक्स नहीं लादा जाएगा। निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने संपत्ति कर निर्धारण के लिए 5 सदस्यीय टीम का गठन भी किया था। उस टीम ने महापौर परिषद की बैठक में टैक्स को लेकर अपना प्रस्ताव रखा था।

बैठक में महापौर परिषद के सदस्य सीजू एंथोनी, एकांश बंछोर, लक्ष्मीपति राजू, संदीप निरंकारी, साकेत चंद्राकर, मालती ठाकुर, रीता सिंह गेरा, नेहा साहू, मन्नान गफ्फार खान, केशव चौबे, मीरा बंजारे, आदित्य सिंह, चंद्रशेखर गवई एवं लालचंद वर्मा, निगम उपायुक्त सुनील अग्रहरी, समस्त जोन आयुक्त एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

महापौर परिषद की बैठक में लोगों को साफ पानी मुहैया कराने का मुद्दा भी उठा। महापौर को बताया गया कि 77 एमएलडी फिल्टर प्लांट जल शोधन संयंत्र जल शुद्धीकरण के लिए निर्मित की गई फिटर बेड वर्ष 2007 से क्रियाशील है। काफी पुराना फिल्टर बेड होने के कारण फिल्टर मीडिया को बदलना आवश्यक हो गया है।

महापौर परिषद ने इस प्रस्ताव को भी हरी झंडी देते हुए फिल्टर मीडिया को बदलने का निर्णय सर्वसम्मति से पारित किया। शहर को शुद्ध पेयजल प्रदाय करने के लिए महापौर परिषद ने फिल्टर मीडिया बदलने के प्रकरण पर मुहर लगा दी है। बता दें कि इससे पहले साल 2014 में केवल तीन फिल्टर मीडिया को बदला गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *