छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में इस बार चैत्र नवरात्र बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। 2 साल के बाद यह पहला ऐसा मौका रहेगा कि चैत्र नवरात्र के समय सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। दंतेवाड़ा के मां दंतेश्वरी मंदिर समिति ने यह निर्णय लिया है। चैत्र नवरात्र में मुंबई की सिंगर ईशरत जहां माता का जगराता करेंगी। सक्षम संस्था के दिव्यांग बच्चे अपनी प्रस्तुति देंगे। साथ ही छत्तीसगढ़ के भी अलग-अलग जिलों से भजन गायकों को बुलाया गया है। यह सभी कार्यक्रम जिला मुख्यालय के मेंडका डोबरा मैदान में शाम को होंगे। माता का जगराता,भजन, हवन और भंडारे सहित कई अन्य आयोजन किए जाएंगे।
दरअसल 2 सालों तक कोरोना वायरस की वजह से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया जा रहा था। लेकिन इस बार कोरोना वायरस समिति और प्रशासन ने सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाने का निर्णय लिया। साथ ही दो साल बाद माता के मंदिर आने वाले भक्त अब फिर से गर्भगृह तक पहुंचकर माता के दर्शन कर सकेंगे। इससे पहले भक्तों को गर्भगृह से पहले ही गणेश भगवान की मूर्ति के पास रोक दिया जाता था। भक्त वहीं से माता का दर्शन करते थे। लेकिन इस बार अंदर जाने की इजाजत भी दी गई है। इस चैत्र नवरात्र मां दंतेश्वरी के मंदिर में 5051 आस्था के ज्योत जलाए जाएंगे ।