आंध्र में आज से 13 नए जिले अस्तित्व में आ गए हैं। राज्य की जगन मोहन रेड्डी सरकार की ओर से प्रदेश में 13 नए जिलों के गठन के बाद अब कुल जिलों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। आंध्र प्रदेश के सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने सोमवार को गुंटूर जिले के ताडेपल्ली में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य के 13 नए जिलों का शुभारंभ किया। 2019 के विधानसभा चुनावों में रेड्डी ने वादा किया था कि उनकी पार्टी प्रदेश में सत्ता में आने पर हर लोकसभा क्षेत्र को एक जिला बनाएगी। राज्य में लोकसभा की कुल 25 सीटें हैं। जिलों की संख्या अब 26 हो गई है।
प्रदेश के किस जिले से कौन सा जिला बना
1 विजयनगरम जिले से मान्यम बना
2 अनकापल्ली जिला विशाखापत्तनम जिले में से बना
3 विशाखापत्तनम जिले में से ही अल्लूरी सीताराम राजू बना
4 गुंटूर जिले में से पलनाडु बनाया गया
5 बापटला गुंटूर जिले में से बनाया गया
6 कुरनूल जिले में से नया जिला नंदयाल बना
7 पूर्वी गोदावरी जिले को काटकर काकीनाडा जिला बना
8 कोनसीमा को भी पूर्वी गोदावरी जिले से अलग कर बनाया गया
9 एलुरु पश्चिमी गोदावरी जिले में से बना
10 श्री सत्य साईं जिला अनंतपुर में से बना
11 एनटी रामाराव जिला मौजूदा कृष्णा जिले से बना
12 श्री बालाजी को चित्तूर जिले से अलग कर बनाया गया
13 कडप्पा जिले को काटकर नया जिला अन्नामाया बना
मुख्यमंत्री 6 अप्रैल को सभी ग्राम और वार्ड सचिवालयों में 13 नए जिलों के गठन में अथक मेहनत करने वाले सभी स्वयंसेवकों का अभिनंदन करेंगे। शनिवार को गजट अधिसूचना के बाद वाईएस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली वाईएसआर कांग्रेस सरकार ने IAS और IPS अधिकारियों में फेरबदल किया और नए जिलों में DM और SP की नियुक्ति की है।