यूक्रेन पर हमले का 40वां दिन:

यूक्रेन पर हमले का 40वां दिन:

जंग के 40वें दिन रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीव के आसपास के इलाकों को खाली कर रही है। जैसे-जैसे रूसी सेना पीछे हट रही है, सड़कों पर शवों की संख्या बढ़ती जा रही है। अब तक बुचा शहर में 400 से ज्यादा शव मिले हैं। इसके बाद यूक्रेन ने रूसी सेना पर शहर में नरसंहार करने का आरोप लगाया है।राजधानी कीव के पास बुचा शहर की सड़क पर पड़ी लाशों को दफन करने के लिए 45 फुट में फैली एक कब्र खोदी गई है। अमेरिका की मैक्सार टेक्नोलॉजीज ने कुछ सैटेलाइट इमेज जारी की हैं। इन तस्वीरों में सेंट एंड्रयू और पायरवोज़्वनोहो ऑल सेंट्स के चर्च में 45 फुटी लंबी कब्र दिखाई दे रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक कब्र के ऊपर की मिट्टी पूरी तरह से लाल थी।

जंग के कारण पश्चिम देशों द्वारा लगाए प्रतिबंधों के चलते रूस में दवाएं मिलना मुश्किल हो गया है। रूस में स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि यह घबराकर दवाएं खरीदने और प्रतिबंधों के कारण बनी मुश्किलों के चलते हुआ है। दवाओं की कमी अस्थायी है। रूस के डैगेस्टन क्षेत्र में मरीजों के अधिकारों के लिए काम करने वाले समूह ‘पेशेंट्स मॉनिटर’ के प्रमुख जियाउदिन उवेसोव ने बताया कि उन्होंने क्षेत्र के कई सरकारी कैमिस्ट्स पर निजी तौर पर 10 सबसे ज्यादा मांग वाली दवाओं की उपलब्धता का पता किया था और उनके पास बहुत अधिक संख्या में ये दवाएं नहीं बची थीं।यूक्रेन के उप रक्षा मंत्री अन्ना मल्यार का कहना है कि कीव के सभी क्षेत्रों पर हमने अपना नियंत्रण कायम कर लिया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति के एक सलाहकार ने लोगों से मरियुपोल सहित देश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में लड़ाई के लिए तैयार रहने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *