IPL 2022 के 13वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 4 विकेट से हरा दिया है। RCB के सामने 170 रन का टारगेट था, जिसे टीम ने आखिरी ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। शाहबाज अहमद ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए, जबकि दिनेश कार्तिक 44 के स्कोर पर नाबाद रहे। RR के लिए चहल और बोल्ट ने 2-2 विकेट लिए।
इससे पहले टॉस हारकर बैटिंग करते हुए राजस्थान ने 3 विकेट खोकर 169 रन बनाए। जोस बटलर ने 47 गेंदों पर 70 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, शिमरोन हेटमायर 31 गेंदों पर 42 रन बनाकर नाबाद रहे। RCB की ओर से हसरंगा, विली और हर्षल ने 1-1 विकेट लिया।दिनेश कार्तिक ने एक बार फिर से बेंगलुरु के लिए कमाल की पारी खेली। उन्होंने 23 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए। इससे पहले पंजाब किंग्स के खिलाफ भी डेथ ओवर्स में तूफानी पारी खेलते हुए 14 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाए थे। KKR के खिलाफ भी उन्होंने टारगेट का पीछा करते हुए 7 गेंदों पर नाबाद 14 रन बनाए थे। कार्तिक लीग के मौजूदा सीजन की तीनों पारियों में नाबाद रहे हैं।
शाहबाज अहमद ने शानदार बैटिंग करते हुए सिर्फ 26 गेंदों पर 45 रन की पारी खेली। शाहबाज ने बेंगलुरु की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। वह फिफ्टी बना सकते थे, लेकिन ट्रेंट बोल्ट की गेंद बोल्ड हो गए। अहमद को RCB ने मेगा ऑक्शन में 2.40 करोड़ में खरीदा था।
62 पर चार विकेट गंवाने के बाद दिनेश कार्तिक और शाहबाज अहमद टीम के संकटमोचक सबित हुए। दोनों ने छठे विकेट के लिए 32 गेंदों पर 67 रनों की साझेदारी कर टीम की वापसी कराई। हालांकि 18वें ओवर की पांचवीं बॉल पर 165 के टीम स्कोर पर शाहबाज ट्रेंट बोल्ट का शिकार हुए। उन्होंने 26 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्के की मदद से 45 रनों का योगदान दिया।पिछले सीजन तक RCB के लिए खेलने वाले युजवेंद्र चहल और देवदत्त पडिक्कल पहली बार अपनी पुरानी टीम के खिलाफ खेले। इसको लेकर वसीम जाफर ने फनी ट्वीट भी किया। जाफर ने महाभारत सीरियल का एक मीम शेयर किया है, जहां अर्जुन कुरुक्षेत्र में हुए कौरव-पांडवों के बीच के युद्ध के दौरान भीष्म पितामह को बाण पर बाण मार रहे हैं। इस दौरान अर्जुन के चेहरे पर दुख साफ झलक रहा है।
दोनों टीमें:
RR: जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, शिमरोन हेटमायर, रियान पराग, रविचंद्रन अश्विन, नवदीप सैनी, ट्रेंट बोल्ट, युजवेंद्र चहल, प्रसिद्ध कृष्णा।
RCB: फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), अनुज रावत, विराट कोहली, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), शेरफेन रदरफोर्ड, शाहबाज अहमद, वानिंदु हसरंगा, डेविड विली, हर्षल पटेल, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज।